ईरान और ओमान के बीच होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर समझौता, ट्रंप के बयान पर तेहरान का पलटवार
ईरान और ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर समझौता किया है। इस बीच ईरान ने ट्रंप के होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र बनाने वाले बयान पर पलटवार किया।
ईरान और ओमान ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने को लेकर समझौता किया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष पांच महीने से अधिक समय से खिंच रहा है। समझौते के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर भी विवाद बढ़ गया है, जिसमें उन्होंने होर्मुज को अमेरिकी क्षेत्र बनाने की धमकी दी थी।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बताया कि ओमान के साथ अन्य मुद्दों पर बातचीत अभी जारी है, लेकिन जहाजों की सुरक्षित आवाजाही से संबंधित व्यवस्था अलग से तय की गई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों और नौसैनिक नाकेबंदी के कारण होर्मुज में पूरी सुरक्षा बहाल करना अभी चुनौतीपूर्ण है।
ट्रंप ने न्यूयॉर्क में एक राजनीतिक रैली के दौरान कहा था कि ईरान को हराने के बाद वह जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ युद्ध में जीत हासिल करेगा। हालांकि, बाद में ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने व्हाइट हाउस के एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि राष्ट्रपति का बयान मजाक के तौर पर था।
ईरान ने दिया करारा जवाब
ईरान ने ट्रंप के बयान पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। ईरानी उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने कहा कि होर्मुज ईरान का था, ईरान का है और ईरान का ही रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जलडमरूमध्य को बंद करने या खोलने का निर्णय ईरान के नियंत्रण में होगा।
होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। दुनिया के लगभग पांचवें हिस्से का कच्चा तेल इसी समुद्री मार्ग से गुजरता है, इसलिए इसका वैश्विक ऊर्जा बाजार पर बड़ा प्रभाव है।
अमेरिका चाहता है कि सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए यह मार्ग खुला रहे, जबकि ईरान का कहना है कि उसकी मांगें पूरी होने तक होर्मुज को पूरी तरह नहीं खोला जाएगा। इनमें सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करना भी शामिल है। हाल की रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप प्रशासन होर्मुज खोलने के बदले ईरान के साथ परमाणु समझौते की कोशिश छोड़ने और संघर्ष रोकने पर विचार कर सकता है।
और पढ़ें: ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करेंगे