×
 

ईरान ने ट्रंप के दावे को खारिज किया, कहा- होर्मुज हमारे नियंत्रण में

ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूर्ण नियंत्रण के दावे को खारिज किया। तेहरान ने कहा कि रणनीतिक मार्ग अभी उसके नियंत्रण में है।

ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का “पूर्ण नियंत्रण” होने की बात कही थी। ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि यह महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग अभी भी ईरान के नियंत्रण और प्रबंधन में है।

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की अर्धसैनिक बासिज फोर्स के प्रमुख हुसैन ताएब ने ईरानी सरकारी टेलीविजन से बातचीत में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य इस समय इस्लामिक गणराज्य ईरान के प्रबंधन और नियंत्रण में है। उन्होंने दावा किया कि देश पूरी सुरक्षा के साथ अपनी गतिविधियां जारी रखे हुए है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी अमेरिका के दावे की आलोचना की। उन्होंने कहा कि खुफिया विफलताओं के कारण अमेरिका लंबे समय से गलत आकलन करता रहा है और होर्मुज को लेकर उसका दावा भी इसी तरह की बड़ी भूल है।

और पढ़ें: ट्रंप का दावा- अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण, ईरान के साथ बढ़ा तनाव

ईरानी संसद और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के सदस्य बेहनाम सईदी ने कहा कि इजरायल और अमेरिका से जुड़े जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युद्ध हो या शांति, इजरायल से संबंधित जहाजों के लिए मार्ग बंद रहेगा।

ट्रंप ने क्या कहा था?

एक दिन पहले डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर “पूर्ण नियंत्रण” है और वह इसे अपने नियंत्रण में बनाए रखेगा। उन्होंने अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को “स्टील की दीवार” बताया था।

वहीं, ईरान और ओमान के बीच होर्मुज के रास्ते वैकल्पिक समुद्री मार्ग को लेकर बातचीत जारी है। हालांकि, अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है। तेहरान का कहना है कि सामान्य समुद्री आवाजाही बहाल करने से पहले अमेरिका को उसकी व्यापक कूटनीतिक मांगों पर ध्यान देना होगा।

और पढ़ें: तुर्की में ट्रंप की सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा, कैटरिंग कंटेनर में छिपाकर बदला गया विमान

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share