ईरान ने पहली बार जारी किया खामेनेई के तबाह आवास का वीडियो, अमेरिका-इजरायल हमले में हुआ था नुकसान
ईरान ने पहली बार अयातुल्ला अली खामेनेई के क्षतिग्रस्त आवास का वीडियो जारी किया है। अमेरिकी-इजरायली हमले में उनकी मौत के बाद यह फुटेज सामने आया है।
ईरान के सरकार ने पहली बार दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के क्षतिग्रस्त आवास परिसर का वीडियो जारी किया है। यह वीडियो उस स्थान का है, जहां 28 फरवरी 2025 को हुए संयुक्त अमेरिका-इजरायल हमले में खामेनेई की मौत हो गई थी।
35 सेकंड के इस वीडियो को ईरान के सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित किया गया और खामेनेई की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया। फुटेज में तेहरान स्थित सर्वोच्च नेता के परिसर के अंदर बने इमाम खुमैनी हुसैनिया हॉल को दिखाया गया है, जहां चारों ओर मलबा फैला हुआ है और हमले से हुई भारी तबाही के निशान दिखाई दे रहे हैं।
यह हॉल लंबे समय से खामेनेई के सार्वजनिक भाषणों और धार्मिक कार्यक्रमों का प्रमुख स्थल रहा था। जारी किए गए वीडियो से पहली बार उस हमले से हुई क्षति का अंदाजा लगाया जा सकता है, जिसमें 86 वर्षीय ईरानी नेता की मौत हुई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, हमले में खामेनेई के परिवार के कई सदस्य भी मारे गए थे, जिनमें उनकी 14 महीने की पोती भी शामिल थी। उनके बेटे और वर्तमान सर्वोच्च नेता मोजतबा अली खामेनेई के भी इस हमले में घायल होने की खबर सामने आई थी।
खामेनेई का अंतिम संस्कार
अयातुल्ला अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को 9 जुलाई को उनके गृहनगर मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह के पास दफनाया जाएगा। इसके साथ ही छह दिन तक चलने वाले राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम का समापन होगा, जिसकी शुरुआत 4 जुलाई को तेहरान से हुई थी।
अंतिम संस्कार यात्रा के दौरान खामेनेई के शव को पहले इराक के पवित्र शहरों नजफ और कर्बला ले जाया गया। ईरान के अनुसार, हजारों श्रद्धालुओं ने नजफ स्थित इमाम अली दरगाह में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
छह दिनों की यह अंतिम यात्रा तेहरान, क़ोम, नजफ और कर्बला से होकर गुजरी, जिसमें लाखों समर्थकों के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई अभी तक अंतिम संस्कार कार्यक्रमों में सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, वह अपने पिता की मौत वाले हवाई हमले में घायल होने के बाद सार्वजनिक जीवन से दूर हैं।
और पढ़ें: अर्जेंटीना से हार के बाद मिस्र फुटबॉल संघ नाराज, रेफरिंग पर उठाए सवाल; कहा- चुप नहीं रह सकते