×
 

सऊदी अरब के अल-खार्ज पर ईरानी हमले में किसी भारतीय की मौत नहीं: भारतीय दूतावास

सऊदी अरब के अल-खार्ज में ईरानी हमले के बाद भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया कि किसी भारतीय की मौत नहीं हुई। एक भारतीय घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

सऊदी अरब के अल-खार्ज इलाके में हुए मिसाइल हमले के बाद फैली अफवाहों पर विराम लगाते हुए रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है। दूतावास के अनुसार इस हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

यह हमला रविवार शाम रियाद के दक्षिण में स्थित अल-खार्ज के एक रिहायशी इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि ईरान से जुड़ा एक प्रोजेक्टाइल इलाके में आकर गिरा, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया था कि मरने वालों में एक भारतीय और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं, लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि दोनों मृतक बांग्लादेश के नागरिक थे।

भारतीय दूतावास ने सोशल कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भारतीय की मौत नहीं हुई है, जो राहत की बात है। दूतावास ने बताया कि वह इस मामले में सऊदी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

और पढ़ें: दुबई में काले धुएं का गुब्बार, ईरान के हमलों के बाद तनाव बढ़ा

दूतावास के काउंसलर वाई. साबिर ने अल-खार्ज जाकर घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात भी की। दूतावास के अनुसार घायल व्यक्ति को अल-खार्ज के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज जारी है।

अल-खार्ज क्षेत्र रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यहां सऊदी अरब का एक प्रमुख एयर बेस स्थित है। हाल के दिनों में ईरान और अमेरिका-इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि सैन्य ठिकानों के पास रिहायशी इलाकों पर हमलों से आम नागरिकों, खासकर खाड़ी देशों में काम करने वाले भारतीय और बांग्लादेशी प्रवासी मजदूरों के लिए खतरा बढ़ गया है।

और पढ़ें: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने T20 विश्व कप जीत पर टीम इंडिया को दी बधाई

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share