ईरान ने अमेरिका से सीधे संवाद से इनकार किया, अराघची का पाकिस्तान दौरा शुरू
ईरान ने अमेरिका से सीधे वार्ता से इनकार किया है। अराघची के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचा, जहां अमेरिका के साथ अप्रत्यक्ष बातचीत की संभावना जताई जा रही है।
ईरान ने अमेरिका के साथ सीधे वार्ता से साफ इनकार करते हुए शनिवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अपने प्रतिनिधिमंडल के आगमन के साथ कूटनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल तड़के इस्लामाबाद पहुंचा, जहां पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने उनका स्वागत किया।
पाकिस्तान ने संकेत दिया है कि अराघची अपने दौरे के दौरान देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ क्षेत्रीय शांति और स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इशाक डार ने इस मुलाकात को क्षेत्र में सकारात्मक संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
इस बीच, अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल भी इस्लामाबाद पहुंचने वाला है, जिसमें स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल हैं। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि यह मुलाकात आमने-सामने बातचीत के उद्देश्य से हो रही है, हालांकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इसमें शामिल नहीं होंगे, लेकिन जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान आने के लिए तैयार रहेंगे।
और पढ़ें: ईरान नौसेना ने भारतीय तेल टैंकर पर हमला किया, होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ा तनाव
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि यह पहल संभावित समझौते की दिशा में प्रगति कर सकती है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर कड़ा रुख बनाए रखते हुए कहा है कि ईरान की सैन्य और आर्थिक स्थिति कमजोर हो चुकी है और जब तक वह परमाणु कार्यक्रम समाप्त नहीं करता, तब तक दबाव जारी रहेगा।
हालांकि, ईरान ने स्पष्ट किया है कि कोई प्रत्यक्ष वार्ता नहीं होगी और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछली बातचीत भी इसी माध्यम से हुई थी।
और पढ़ें: युद्धविराम के बाद ईरान ने खोला होर्मुज़ जलडमरूमध्य, दुनिया को बड़ी राहत