पाकिस्तान के इस्लामाबाद अस्पताल में भीषण आग, 15 नवजात बच्चों की मौत; एसी कंप्रेसर फटने से हादसा
पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित सरकारी अस्पताल में आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में एसी कंप्रेसर में विस्फोट को कारण बताया गया है।
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार को एक सरकारी अस्पताल में लगी भीषण आग ने 15 नवजात बच्चों की जान ले ली। रिपोर्ट के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) अस्पताल में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, आग लगने के समय अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में कुल 16 नवजात बच्चे मौजूद थे। आग की चपेट में आने से 15 नवजातों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाव अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल की नर्सरी में एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों ने बताया कि आग बुझा दी गई है और फिलहाल प्रभावित क्षेत्र में कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना को समाप्त किया जा सके।
और पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर: पाकिस्तान ने हमलों के नतीजे जानने के लिए सैटेलाइट तस्वीरें जुटाईं, नहीं मिला सबूत
इस हादसे ने अस्पतालों में नवजात बच्चों की सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों की ओर से आग के वास्तविक कारणों और सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है।
अमरावती अस्पताल में भी नवजातों की मौत
इससे पहले महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में भी आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई थी। यह घटना अस्पताल की तीसरी मंजिल पर वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद हुई थी। उस समय अस्पताल में 39 शिशुओं का इलाज चल रहा था।
डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों की तत्परता से कई बच्चों की जान बचाई गई। छह नवजातों को आगे के इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भेजा गया।
सुप्रिया सुले ने मांगी जांच
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया सुले ने अमरावती हादसे की विस्तृत जांच की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए घटना को बेहद हृदयविदारक बताया और इसे व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का उदाहरण करार दिया।