×
 

इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला, सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी को बनाया निशाना, स्थिति अस्पष्ट

इजरायल ने ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी पर हमले का दावा किया है। उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मध्य पूर्व में मिसाइल हमलों से तनाव लगातार बढ़ रहा है।

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच इजरायल ने ईरान के खिलाफ एक बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए उसके राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी को निशाना बनाने का दावा किया है। इजरायल के अनुसार, यह हमला रात के समय हवाई हमले के जरिए किया गया। हालांकि, इस हमले में लारिजानी की मौत हुई है या वे घायल हैं, इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

ईरान की ओर से भी इस हमले को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इससे पहले अली लारिजानी ने मुस्लिम देशों को संबोधित करते हुए कहा था कि तेहरान अमेरिका और इजरायल के खिलाफ अपनी लड़ाई में “डटा हुआ” है। उन्होंने यह भी कहा था कि ईरान को मुस्लिम देशों से अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।

इस बीच, दुबई और दोहा (कतर) में मंगलवार सुबह जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त अरब अमीरात ने कुछ समय के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था।

और पढ़ें: क्या ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार इस्तेमाल करेगा इज़राइल? डोनाल्ड ट्रंप ने दी बड़ी प्रतिक्रिया

इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई इलाकों में व्यापक हमले किए हैं। साथ ही, लेबनान में ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।

वहीं, सऊदी अरब और कतर ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में ड्रोन और मिसाइल हमलों को विफल करने का दावा किया है। इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास के पास भी ड्रोन हमले की घटना सामने आई है।

इन घटनाओं के बाद पूरे मध्य पूर्व में तनाव और गहरा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात नहीं संभले, तो यह संघर्ष बड़े युद्ध का रूप ले सकता है।

और पढ़ें: इज़राइल-ईरान युद्ध कब समाप्त होगा? ट्रंप ने कहा निर्णय इज़राइल के पीएम नेतन्याहू के साथ लिया जाएगा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share