अमेरिका में भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला केस: परिवार को 262 करोड़ रुपये का मुआवजा
सिएटल में पुलिस वाहन की टक्कर से मारी गई भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला के परिवार को 29 मिलियन डॉलर यानी लगभग 262 करोड़ रुपये का मुआवजा देने पर सहमति बनी।
अमेरिका के सिएटल शहर ने 2023 में पुलिस वाहन की टक्कर से मारी गई भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला के परिवार को 29 मिलियन डॉलर (लगभग 262.7 करोड़ रुपये) का मुआवजा देने पर सहमति जताई है।
23 वर्षीय जाह्नवी कंडुला नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी के सिएटल कैंपस में इंफॉर्मेशन सिस्टम्स में मास्टर्स कर रही थीं। दिसंबर 2023 में वह सड़क पार कर रही थीं, तभी सिएटल पुलिस विभाग के अधिकारी केविन डेव द्वारा चलाए जा रहे तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
सिटी अटॉर्नी एरिका इवांस ने बयान जारी कर कहा कि जाह्नवी की मौत बेहद दुखद थी और शहर को उम्मीद है कि यह आर्थिक समझौता परिवार को कुछ हद तक न्याय और संतोष देगा। उन्होंने कहा कि जाह्नवी का जीवन उनके परिवार, दोस्तों और समुदाय के लिए बेहद महत्वपूर्ण था।
और पढ़ें: भारत बंद : कांग्रेस का समर्थन, राहुल गांधी और खड़गे ने ट्रेड डील व श्रम कानूनों पर केंद्र को घेरा
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय पुलिस अधिकारी करीब 74 मील प्रति घंटे (119 किमी प्रति घंटा) की रफ्तार से गाड़ी चला रहा था, जबकि उस क्षेत्र में गति सीमा 25 मील प्रति घंटा थी। बताया गया कि अधिकारी ड्रग ओवरडोज कॉल पर जा रहा था और वाहन की इमरजेंसी लाइट और सायरन चालू थे।
जाह्नवी की मौत के बाद बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए। एक अन्य पुलिस अधिकारी डैनियल ऑडेरर की रिकॉर्डिंग वायरल हुई, जिसमें वह मजाक करते हुए कहते सुने गए कि छात्रा की जिंदगी की “सीमित कीमत” थी। इस बयान पर भारी आलोचना हुई। बाद में ऑडेरर ने सफाई दी कि उनके बयान को गलत समझा गया।
दिसंबर 2024 में आरोपी अधिकारी ने 5,000 डॉलर का जुर्माना भरने पर सहमति दी थी और जनवरी 2025 में उसे पुलिस विभाग से बर्खास्त कर दिया गया।
और पढ़ें: प्रियंका गांधी ने किरण रिजिजू के आरोपों को नकारा, बोलीं- किसी को गाली नहीं दी