×
 

जम्मू-कश्मीर में लश्कर समर्थित आतंकी नेटवर्क पर कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पीर पंजाल क्षेत्र में लश्कर समर्थित आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर तीन संदिग्ध सहयोगियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से आईईडी बरामद हुआ।

जम्मू-कश्मीर के पीर पंजाल क्षेत्र में पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा समर्थित ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आतंकी नेटवर्क को मदद पहुंचाने के आरोप में तीन प्रमुख लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोटचेरवाल टेरयाथ निवासी जाकिर हुसैन और मोहम्मद आजम तथा उधन राजौरी निवासी मोहम्मद मुश्ताक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों कथित तौर पर इलाके में घुसपैठ करने वाले आतंकियों को सहायता उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क का हिस्सा थे।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की आतंकी गतिविधियों में गहरी संलिप्तता सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान से आए आतंकियों को रसद, सुरक्षित ठिकाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए रास्ते उपलब्ध कराते थे।

और पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के रियासी में मिनी बस पलटी, दो लोगों की मौत; पांच घायल

जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पहाड़ी इलाकों और कठिन दर्रों से आतंकियों को कश्मीर घाटी की ओर ले जाने में गाइड की भूमिका भी निभाते थे। उन पर क्षेत्र में हुए कुछ चर्चित हमलों में लॉजिस्टिक सहायता देने का भी संदेह है, जिनमें आम नागरिकों पर किया गया एक गंभीर हमला शामिल है।

पुलिस ने एक आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) भी बरामद किया है। जांच के अनुसार, आतंकियों ने कथित तौर पर इस आईईडी को आरोपियों के पास सुरक्षित रखने के लिए दिया था। इसका इस्तेमाल इलाके में दहशत फैलाने और लक्षित हमला करने के लिए किया जाना था।

वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारियों से सीमा पार सक्रिय आतंकी नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है। आरोपियों से आगे की पूछताछ में अन्य सहयोगियों और स्लीपर सेल के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।

पुलिस ने मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी है। नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

और पढ़ें: बडगाम में आधी रात लगी भीषण आग, तीन मकान जलकर खाक, छह परिवार बेघर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share