×
 

जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार युवाओं की मौत

जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर तेज रफ्तार कार खराब ट्रक से टकरा गई। हादसे में चार युवाओं की मौत हुई, जिनमें मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह शामिल थीं।

झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब होकर खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया।

और पढ़ें: आंध्र प्रदेश में टायर फटने से हाईवे पर पलटी एपीएसआरटीसी बस, 20 यात्री घायल

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

रात से सड़क पर खड़ा था खराब ट्रक

अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा के मुताबिक, संबंधित ट्रक बुधवार रात करीब 10 बजे खराब होने के बाद सड़क पर खड़ा था। गुरुवार सुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के बाद कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण सड़क पर खड़ा ट्रक समय पर दिखाई नहीं देना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि ट्रक के पीछे पर्याप्त सुरक्षा संकेतक और चेतावनी व्यवस्था लगी थी या नहीं।

सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत को बेहद दुखद बताया और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय होता है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की प्रार्थना की।

और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बेकाबू थार ने स्कूटी सवार दंपति को कुचला, पति की मौत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share