×
 

कर्नाटक कैबिनेट विस्तार आज, डीके शिवकुमार की टीम में शामिल होंगे 20 नए मंत्री

कर्नाटक में आज मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। कांग्रेस आलाकमान ने 20 नए मंत्रियों के नामों को मंजूरी दी है और शपथ ग्रहण आज होगा।

कर्नाटक में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार सोमवार को होने जा रहा है। कांग्रेस आलाकमान ने 20 विधायकों के नामों को अंतिम मंजूरी दे दी है, जिन्हें आज मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह शाम 4:05 बजे लोक भवन परिसर में आयोजित होगा।

मुख्यमंत्री पद संभालने के लगभग दो महीने बाद डीके शिवकुमार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने जून में सिद्धारमैया की जगह मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 34 मंत्री हो सकते हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं और 20 नए मंत्रियों के शामिल होने के बाद मंत्रिमंडल अपनी पूर्ण क्षमता तक पहुंच जाएगा।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिन नामों को मंजूरी दी है, उनमें पीएम नरेंद्रस्वामी, शिवराज तंगडगी, रुद्रप्पा लामाणी, केएस बसवंतप्पा, बी. नागेंद्र, टी. रघुमूर्ति, बीजेड जहीर अहमद खान, रिजवान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा, पुत्तरंगशेट्टी, मनकाला वैद्य, अजय सिंह, एन. चालुवराया स्वामी, केएम शिवलिंगे गौड़ा, एचसी बालकृष्ण, गायत्री शांतिगौड़ा, बसवराज रायरेड्डी, विजयानंद काशप्पनावर और लक्ष्मण सावदी शामिल हैं।

और पढ़ें: बिदादी टाउनशिप परियोजना पर सियासी घमासान, कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष विजयेंद्र ने डीके शिवकुमार पर साधा निशाना

मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष और विधान परिषद से जुड़े प्रमुख पदों पर भी नियुक्तियों को मंजूरी दी है। जीएस पाटिल को विधानसभा अध्यक्ष, एएस पोन्नन्ना को उपाध्यक्ष, सलीम अहमद को विधान परिषद का सभापति तथा उमाश्री को उपसभापति बनाए जाने का फैसला किया गया है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने 2023 के विधानसभा चुनाव के बाद नेतृत्व परिवर्तन के तहत सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच सत्ता हस्तांतरण का निर्णय लिया था। अब पार्टी ने स्पष्ट किया है कि सिद्धारमैया सक्रिय मार्गदर्शक की भूमिका निभाते रहेंगे और आगामी चुनावों में संगठन को दिशा देंगे।

और पढ़ें: कर्नाटक में घर बैठे मिलेंगे जाति और निवास प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार का बड़ा ऐलान

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share