कोचिंग मारपीट मामले में खान सर को बड़ी राहत, कोर्ट ने दी अग्रिम जमानत
बिहार के चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर को कोचिंग संस्थान मारपीट मामले में अग्रिम जमानत मिल गई है। उनके दोनों बॉडीगार्ड को भी अदालत से राहत मिली।
बिहार के चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर को कोचिंग संस्थान मारपीट मामले में बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें इस मामले में अग्रिम जमानत दे दी है। इसके साथ ही खान सर के दोनों बॉडीगार्ड को भी जमानत मिल गई है। इस फैसले को खान सर के लिए अहम राहत माना जा रहा है।
यह मामला इसी साल जून की शुरुआत में सामने आया था, जब पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर मारपीट और फायरिंग की घटना की खबर सामने आई थी। मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक और कर्मचारियों पर आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद समेत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान सामने आया था कि खान सर के दो बॉडीगार्ड कथित रूप से हवा में फायरिंग करते दिखाई दिए थे। इसके बाद पुलिस ने खान सर और उनके सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था। उनके बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया था और हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। हालांकि, इससे पहले खान सर की गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी।
और पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु में गोहत्या पर मद्रास हाईकोर्ट के पूर्ण प्रतिबंध वाले आदेश पर लगाई रोक
यह पूरा विवाद 2 जून की रात का है, जब पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर हंगामा हुआ था। घटना के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि उनकी कोचिंग के बाहर फायरिंग हुई और विरोधी कोचिंग संचालकों या असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की। मामला मीडिया में आने के बाद यह काफी चर्चा में रहा।
बाद में इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद की गिरफ्तारी हुई। इसके बाद खान सर पर भी गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई थी। यह मामला उस समय और सुर्खियों में आया जब रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में मौत हो गई।
इससे पहले खान सर उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोचिंग संस्थानों पर हुई कार्रवाई को लेकर भी चर्चा में आए थे। लखनऊ अग्निकांड के बाद जांच अभियान में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने खान ग्लोबल कोचिंग में खामियां मिलने पर उसे सील कर दिया था। यह कोचिंग तीन मंजिला इमारत में संचालित हो रही थी।
और पढ़ें: साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता तमिल लेखक पूमणि का निधन, 79 वर्ष की उम्र में चेन्नई में ली अंतिम सांस