प्रतिद्वंद्वी के भाई की मौत पर खान सर की पहली प्रतिक्रिया, बोले- तीसरे पक्ष की साजिश हो सकती है
नेपाल में रोशन आनंद के भाई प्रिंस की संदिग्ध मौत पर खान सर ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने मामले में तीसरे पक्ष की साजिश की आशंका भी जताई।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस मामले पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए चर्चित शिक्षक खान सर ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और कहा है कि इस घटना के पीछे किसी तीसरे पक्ष की साजिश भी हो सकती है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जारी एक वीडियो संदेश में खान सर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें इस खबर पर विश्वास ही नहीं हुआ था। खान सर के अनुसार, कुछ लोगों ने उन्हें फोन कर बताया कि रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पहले तो उन्होंने इसे अफवाह समझा और खबर देने वालों को डांट भी दिया।
हालांकि, जब लगातार कई लोगों से यही सूचना मिलने लगी और समाचार रिपोर्टें सामने आईं, तब उन्हें घटना की गंभीरता का एहसास हुआ। उन्होंने कहा कि यह खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा और वे सोचने लगे कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है।
और पढ़ें: रोशन आनंद को मिली जमानत, भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
खान सर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार पर ऐसा दुख नहीं आना चाहिए। उन्होंने प्रिंस के परिवार के प्रति संवेदना जताई और हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस को आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर हुआ क्या था। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जल्द सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि मामले को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग सके।
खान सर ने कहा कि पूरी घटना उन्हें संदिग्ध लगती है और ऐसा प्रतीत होता है कि इसमें किसी तीसरे व्यक्ति या समूह की भूमिका हो सकती है। उन्होंने जांच एजेंसियों से सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। खान सर ने जोर देकर कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
गौरतलब है कि रोशन आनंद को हाल ही में अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जमानत मिली है। फिलहाल प्रिंस के मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है और जांच जारी है।
और पढ़ें: एनसीपीआई प्रमुख से मिलिए: कैसे एक छोटे दल ने बंगाल और राष्ट्रीय राजनीति में मचाई हलचल