×
 

खंडवा की भाजपा विधायक कंचन तनवे ने दी एमएसडब्ल्यू परीक्षा, बोलीं– सीखने की कोई उम्र नहीं

खंडवा की भाजपा विधायक कंचन तनवे ने एमएसडब्ल्यू प्रथम वर्ष की परीक्षा दी। उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और निरंतर अध्ययन आवश्यक है।

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में सोमवार को एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक कंचन तनवे आम विद्यार्थियों की तरह परीक्षा केंद्र पहुंचीं और परीक्षा दी। विधायक कंचन तनवे ने एस.एन. कॉलेज, खंडवा में आयोजित एमएसडब्ल्यू (मास्टर ऑफ सोशल वर्क) प्रथम वर्ष की परीक्षा में भाग लिया।

परीक्षा देने से पहले विधायक ने घर से दही-चीनी खाकर शुभ शुरुआत की और सफलता की कामना के साथ परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुईं। परीक्षा केंद्र पर उनके पहुंचते ही छात्र-छात्राओं में उत्सुकता और कौतूहल का माहौल बन गया। कई विद्यार्थियों ने उन्हें देखकर आश्चर्य भी व्यक्त किया।

विधायक कंचन तनवे ने निर्धारित समय पर परीक्षा हॉल में बैठकर अन्य परीक्षार्थियों के साथ परीक्षा दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को लगातार अध्ययन करते रहना चाहिए ताकि वे समाज की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझ सकें और जनता के लिए अधिक प्रभावी कार्य कर सकें।

और पढ़ें: मध्य प्रदेश रेल हादसा: आग की अफवाह से ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आकर 4 की मौत

कंचन तनवे मध्य प्रदेश की खंडवा (आरक्षित) विधानसभा सीट से भाजपा की विधायक हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कुंदन मालवीय को लगभग 38,000 से अधिक मतों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी।

राजनीति के साथ-साथ कंचन तनवे अपनी शिक्षा और अध्ययन के प्रति रुचि के लिए भी जानी जाती हैं। इससे पहले वर्ष 2022 में उन्होंने भाजपा के समर्थन से खंडवा जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता था। प्रारंभ में टिकट न मिलने के कारण वे बागी उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरी थीं और जिला पंचायत सदस्य चुने जाने के बाद उन्होंने भाजपा को समर्थन दे दिया था।

उनका यह कदम शिक्षा के प्रति प्रेरणादायक संदेश देता है और लोगों में सकारात्मक चर्चा का विषय बना हुआ है।

और पढ़ें: नीट-यूजी री-एग्जाम पर कांग्रेस सांसद का हमला, बोले- धर्मेंद्र प्रधान को लेनी चाहिए जिम्मेदारी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share