राज्यसभा में खड़गे का मज़ाकिया तंज: मोहब्बत हमसे, शादी मोदी जी से
राज्यसभा विदाई सत्र में मल्लिकार्जुन खड़गे ने एच डी देवेगौड़ा पर मज़ाकिया तंज कसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ नेताओं की सराहना करते हुए नए सांसदों को उनसे सीखने की सलाह दी।
राज्यसभा के विदाई सत्र में जहां एक ओर भावुक पल देखने को मिले, वहीं हल्के-फुल्के मज़ाक ने माहौल को खुशनुमा भी बना दिया। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन में लोग न तो थकते हैं और न ही वास्तव में रिटायर होते हैं, क्योंकि उनका लक्ष्य देश सेवा होता है।
इस दौरान सदन में एक मजेदार क्षण तब आया जब खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के साथ अपने लंबे संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे पिछले 54 वर्षों से उन्हें जानते हैं और साथ काम कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने मज़ाकिया अंदाज में कहा, “बाद में क्या हुआ पता नहीं... वो मोहब्बत हमारे साथ किए, शादी मोदी साहब के साथ।”
उनकी इस टिप्पणी पर सदन में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी सदस्य मुस्कुरा उठे। इस हल्के-फुल्के अंदाज ने राजनीतिक मतभेदों के बीच आपसी सौहार्द और दोस्ती को दर्शाया।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजनीति में “फुल स्टॉप” नहीं होता और जनसेवा का सफर लगातार चलता रहता है। उन्होंने नए सांसदों से अपील की कि वे अनुभवी नेताओं जैसे देवेगौड़ा, खड़गे और शरद पवार से सीख लें, जिन्होंने अपना जीवन संसद और देश सेवा को समर्पित किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले के हास्य और व्यंग्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अठावले सदन में हमेशा हल्कापन बनाए रखते हैं और उनके जाने के बाद भी उनकी मौजूदगी महसूस होती रहेगी।
यह सत्र राजनीतिक गरिमा, अनुभव और आपसी सम्मान का प्रतीक बना।
और पढ़ें: महाराष्ट्र से राज्यसभा उम्मीदवार बने भाजपा के विनोद तावड़े