कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, 40 से अधिक मजदूरों के फंसे होने की आशंका
कोलकाता के तारातला क्षेत्र में निर्माणाधीन गोदाम ढहने से बड़ा हादसा हुआ। मलबे में 40 से अधिक मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। सेना और बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम के ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे 40 से अधिक मजदूर फंसे हो सकते हैं। यह घटना ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित ब्रेस ब्रिज के पास एक निर्माण स्थल पर हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम की पहली मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान इमारत का लोहे का ढांचा अचानक टूटकर गिर गया, जिससे भवन का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया। हादसे के समय कई मजदूर निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव कार्य को तेज करने के लिए सेना के जवानों को भी लगाया गया है। भारी लोहे के बीम और मलबे को हटाने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनों की मदद ली जा रही है।
और पढ़ें: पश्चिम बंगाल: पत्नी ने पति को पीठ पर उठाकर सुशांत अधिकारी की जनसुनवाई में पहुंची
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितने लोग मलबे में दबे हुए हैं। अधिकारियों को आशंका है कि बड़ी संख्या में मजदूर अब भी अंदर फंसे हो सकते हैं।
राहतकर्मी गैस कटर और विशेष उपकरणों की सहायता से मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों की सहायता और जानकारी के समन्वय के लिए राज्य सचिवालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
प्रशासन ने लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070, 033-22143526 और 033-22535185 जारी किए हैं। बचाव अभियान लगातार जारी है।
और पढ़ें: महाराष्ट्र के परभणी में मंदिर का छत गिरा, 30 से 40 श्रद्धालु फंसे होने की आशंका, राहत कार्य जारी