राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के सीरिया दौरे के दौरान दमिश्क में धमाके, होटल के पास विस्फोट से मचा हड़कंप
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के सीरिया दौरे के दौरान दमिश्क में होटल के पास दो धमाके हुए। मैक्रों सुरक्षित हैं, जबकि सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट की जांच में जुटी हैं।
सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को हुए दो जोरदार धमाकों ने पूरे शहर में दहशत फैला दी। ये विस्फोट उस समय हुए जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शारा से महत्वपूर्ण मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। रिपोर्टों के अनुसार, धमाके प्रसिद्ध फोर सीजन्स होटल के पास हुए, जहां राष्ट्रपति मैक्रों अपने दौरे के दौरान ठहरे हुए थे।
सीरियाई सरकार ने एक अज्ञात सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि दोनों विस्फोट विस्फोटक उपकरणों के जरिए किए गए। धमाकों के बाद घटनास्थल से धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया। एक जलता हुआ वाहन, सड़क पर खून के निशान और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। हालांकि, फ्रांस सरकार ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सीरियाई अधिकारियों ने भी हताहतों की संख्या या नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अहमद अल-शारा के सत्ता संभालने के बाद सीरिया का दौरा करने वाले पहले प्रमुख पश्चिमी नेता हैं। उनका यह दौरा तुर्की के अंकारा में आयोजित होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन से पहले हो रहा है। मैक्रों ने सीरिया पर लगे कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाने के प्रयासों में भी अहम भूमिका निभाई है। उनके दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की भी योजना है, जिससे युद्धग्रस्त सीरिया के पुनर्निर्माण में निवेश को बढ़ावा मिल सके।
और पढ़ें: इंडोनेशिया में खुलेगा आईआईएम बेंगलुरु का कैंपस, विदेश में परिसर स्थापित करने वाला दूसरा आईआईएम बनेगा