×
 

ताजमहल पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, बोले- यह दुनिया के प्रेम के अनमोल खजानों में से एक

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पत्नी जेनेट रुबियो के साथ ताजमहल का दौरा किया और इसे “दुनिया के प्रेम के अनमोल खजानों में से एक” बताया।

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट रुबियो के साथ आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मुगलकालीन इस ऐतिहासिक स्मारक को “दुनिया के प्रेम के अनमोल खजानों में से एक” बताया।

मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। वह सोमवार सुबह विशेष विमान से आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचे। वहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार से ताजमहल के पूर्वी गेट के पास स्थित होटल पहुंचे और फिर गोल्फ कार्ट के जरिए स्मारक परिसर तक गए।

ताजमहल भ्रमण के दौरान उनके साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे। दोनों ने स्मारक परिसर में तस्वीरें भी खिंचवाईं। मार्को रुबियो ने विजिटर्स बुक में लिखा, “दुनिया के प्रेम के इस अनमोल खजाने को देखने का अवसर देने के लिए धन्यवाद।”

और पढ़ें: बकरीद से पहले सीएम योगी के सख्त निर्देश: खुले में नमाज और पशु बलि पर पूर्ण रोक

अमेरिकी विदेश मंत्री ने करीब एक घंटे तक ताजमहल परिसर में समय बिताया। उनके दौरे को देखते हुए स्मारक परिसर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए पर्यटकों को स्मारक परिसर से बाहर भी किया गया।

मार्को रुबियो मंगलवार को नई दिल्ली लौटने से पहले जयपुर भी जाएंगे, जहां से वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।

गौरतलब है कि रुबियो का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब आगरा भीषण गर्मी की चपेट में है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आगरा का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो उत्तर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।

मार्को रुबियो की यह यात्रा भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

और पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस: सुप्रीम कोर्ट ने निष्पक्ष जांच पर दिया जोर, तलाकशुदा बेटी बेहतर है, मृत नहीं टिप्पणी पर चर्चा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share