×
 

मयूरभंज में बाढ़ के तेज बहाव में बह गई पिकअप, तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद ड्राइवर-हेल्पर बचाए गए

ओडिशा के मयूरभंज में बाढ़ के तेज बहाव में पिकअप पुल से नीचे गिर गई। ड्राइवर और हेल्पर पानी में फंस गए, जिन्हें तीन घंटे के अभियान के बाद सुरक्षित बचाया गया।

ओडिशा के मयूरभंज जिले में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के कारण जनजीवन प्रभावित है। इसी बीच रसगोविंदपुर ब्लॉक के सन्नई पुल पर एक बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ के तेज बहाव के बीच पुल पार करने की कोशिश कर रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर पानी में बह गई और पुल से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में सवार ड्राइवर और हेल्पर बाढ़ के पानी में फंस गए।

जानकारी के मुताबिक, सन्नई पुल के ऊपर करीब तीन फीट से अधिक पानी बह रहा था। तेज बहाव और बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने पुल पर यातायात पहले ही रोक दिया था। इसके बावजूद आमन्या क्षेत्र का पिकअप चालक रसगोविंदपुर से अमरदा की ओर जाते समय पुल पार करने लगा।

तेज धार के कारण पिकअप अपना संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते पुल से नीचे गिरकर पानी में डूब गई। ड्राइवर और हेल्पर किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वे तेज बहाव के बीच फंस गए। दोनों पानी में तैरते हुए मदद का इंतजार करते रहे।

और पढ़ें: मुंबई के घाटकोपर में भूस्खलन से घर मलबे में दबे, दो की मौत; कई लोगों के फंसे होने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही रसगोविंदपुर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद नाव की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रशासन ने सन्नई पुल पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से बाढ़ प्रभावित पुलों और सड़कों पर जोखिम लेकर आगे नहीं बढ़ने की अपील की है।

इससे पहले मयूरभंज के सरसकना क्षेत्र में भी बाढ़ के पानी में एक बैटरी ऑटो-रिक्शा बह गया था। उसमें चालक समेत चार यात्री सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया था।

और पढ़ें: यूपी पुलिस के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र, बने सम्मान पाने वाले पहले पुलिसकर्मी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share