प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार कोआंध्र प्रदेश में ₹17,900 करोड़ की विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ, मैसूरु में विवेक स्मारक का उद्घाटन भी करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश में ₹17,900 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और मैसूरु में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र का उद्घाटन कर युवाओं को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह आंध्र प्रदेश में 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। इन परियोजनाओं का संबंध विमानन, सेमीकंडक्टर निर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली पारेषण, राष्ट्रीय राजमार्ग और युवा विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों से है। इसके बाद प्रधानमंत्री मैसूरु में श्री रामकृष्ण आश्रम परिसर में निर्मित स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र – विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत विजयनगरम जिले के भोगापुरम से करेंगे। यहां वह अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के यात्री टर्मिनल का निरीक्षण करेंगे और औपचारिक रूप से इसका उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत लगभग 5,640 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे की वार्षिक यात्री क्षमता 60 लाख है। यह परियोजना आंध्र प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने के साथ पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
और पढ़ें: बंगाल एसटीएफ ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी हामिद मंडल को गिरफ्तार किया, बड़े हमले की साजिश की जांच तेज
हवाई अड्डे का टर्मिनल आधुनिक तकनीकों से लैस है। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (बीआईएम), एयरसाइड 4.0 प्रणाली, एयरपोर्ट प्रिडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (एपीओसी), बायोमेट्रिक यात्री सुविधा, स्वचालित बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और स्मार्ट परिचालन निगरानी जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यहां 5 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र, वर्षा जल संचयन, ऊर्जा दक्ष वातानुकूलन प्रणाली, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्मार्ट बिल्डिंग प्रबंधन प्रणाली विकसित की गई है। यह टर्मिनल ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप बनाया गया है और अमेरिकी ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल में पंजीकृत है। इसकी वास्तुकला आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है, जिसमें पारंपरिक चुट्टिलु झोपड़ियों, अराकू घाटी और उड़ती हुई मछली की आकृति की झलक दिखाई देती है।
प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में एएसआईपी सेमीकंडक्टर परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। लगभग 460 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना एएसआईपी टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड और दक्षिण कोरिया गणराज्य की एपैक्ट के सहयोग से विकसित की जा रही है। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के अंतर्गत स्वीकृत यह आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाई होगी, जहां प्रतिवर्ष लगभग 9.6 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप तैयार किए जाएंगे। इससे उच्च कौशल वाले रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य में सेमीकंडक्टर उद्योग का मजबूत आधार विकसित होगा।
ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री कुरनूल-4 नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के लिए लगभग 5,550 करोड़ रुपये की बिजली पारेषण परियोजना का शिलान्यास करेंगे। साथ ही कुरनूल पवन एवं सौर ऊर्जा क्षेत्र तथा अनंतपुरम और कुरनूल के सौर ऊर्जा क्षेत्रों से संबंधित लगभग 4,370 करोड़ रुपये की पारेषण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनसे राष्ट्रीय ग्रिड के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा के बेहतर प्रसारण को बढ़ावा मिलेगा और भारत के कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री 1,880 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें रेचेरला–गुरुवायगुडेम, गुरुवायगुडेम–देवरापल्ले, ताडीपत्री बाईपास तथा लिंगसमुद्रम उच्च स्तरीय पुल जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इनके पूरा होने से सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, यातायात का दबाव कम होगा और विशाखापत्तनम तथा हैदराबाद के बीच यात्रा समय में कमी आएगी।
बाद में प्रधानमंत्री कर्नाटक के मैसूरु पहुंचकर स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र – विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे। लगभग 81 हजार वर्ग फुट में निर्मित इस केंद्र में 4-डी अनुभव केंद्र, प्रदर्शनी हॉल, 700 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर, पुस्तकालय, योग एवं ध्यान कक्ष, अध्ययन कक्ष और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह केंद्र स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित मूल्यपरक शिक्षा, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण को बढ़ावा देगा तथा प्रतिवर्ष हजारों विद्यार्थियों और ग्रामीण-शहरी युवाओं को लाभान्वित करेगा।