तनाव के बीच ईरान के मोजतबा खामेनेई अज्ञात स्थान पर छिपे, दूतों के जरिए हो रही बातचीत
तनाव के बीच ईरानी नेता मोजतबा खामेनेई के अज्ञात स्थान पर छिपे होने की रिपोर्ट सामने आई है। वे बाहरी दुनिया से सीमित संपर्क में हैं और संदेश दूतों के माध्यम से भेजे जा रहे हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान के शीर्ष नेता मोजतबा खामेनेई इस समय एक अज्ञात स्थान पर छिपे हुए हैं और बाहरी दुनिया से उनका संपर्क बेहद सीमित है। यह स्थिति क्षेत्र में बढ़ते तनाव और सुरक्षा चिंताओं के बीच सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, खामेनेई तक सीधा संपर्क लगभग असंभव है और उनसे बातचीत केवल एक जटिल दूत (कोरियर) नेटवर्क के माध्यम से ही हो पाती है। इस वजह से ईरान और अमेरिका के बीच संभावित समझौते को लेकर चल रही बातचीत में काफी देरी और बाधाएं आ रही हैं।
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि जब भी वॉशिंगटन की ओर से कोई प्रस्ताव या समझौते से जुड़ी जानकारी भेजी जाती है, तो उसे ईरानी नेतृत्व तक पहुंचने और प्रतिक्रिया आने में काफी समय लगता है। इसका कारण यह है कि संदेश कई स्तरों से होकर अज्ञात स्थान पर मौजूद नेता तक पहुंचाए जाते हैं।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान की सरकार के उच्चतम स्तर के अधिकारी भी मोजतबा खामेनेई के स्थान से अनजान हैं और उनसे सीधे संपर्क का कोई माध्यम नहीं है। सभी सूचनाएं केवल दूतों के माध्यम से ही आगे बढ़ाई जाती हैं, जिससे निर्णय प्रक्रिया में देरी होती है।
एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, “हर जानकारी पुरानी हो जाती है और प्रतिक्रिया में काफी समय लगता है। यही कारण है कि कई बार कहा जाता है कि शीर्ष नेतृत्व ने सहमति दी है या वे जवाब का इंतजार कर रहे हैं।”
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि खामेनेई ने सुरक्षा कारणों से खुद को अत्यधिक सुरक्षित स्थानों तक सीमित कर लिया है और वे सार्वजनिक रूप से लंबे समय से नजर नहीं आए हैं।
हालांकि, व्हाइट हाउस ने इस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। फिलहाल इस पूरे मामले पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
और पढ़ें: असम में समान नागरिक संहिता बिल पेश, विवाह, तलाक और लिव-इन संबंधों पर नए नियम प्रस्तावित