×
 

मुरादाबाद में धर्म परिवर्तन और निकाह के दबाव का आरोप, पुलिस ने मुस्लिम दंपति को किया गिरफ्तार

मुरादाबाद में एक महिला ने जबरन धर्म परिवर्तन, निकाह के दबाव और बंधक बनाने के आरोप लगाए। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में धर्म परिवर्तन और जबरन निकाह कराने के आरोपों से जुड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद एक मुस्लिम दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मुरादाबाद के थाना मझोला क्षेत्र में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई है।

पुलिस के अनुसार, एक हिंदू महिला ने सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि दोनों ने उसे अपने घर बुलाकर जबरन धर्म परिवर्तन करने और निकाह के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि सलाउद्दीन के परिवार से उसके परिवार के करीब तीन साल से पारिवारिक संबंध थे। दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था और त्योहार भी साथ मनाए जाते थे। महिला का आरोप है कि सलाउद्दीन उस पर गलत नजर रखता था, लेकिन उसे इसकी जानकारी पहले नहीं थी।

और पढ़ें: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का कल होगा उद्घाटन, 45 मिनट में पूरा होगा सफर; देश का पहला बैरियर लेस एक्सप्रेसवे

महिला के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को सलाउद्दीन की पत्नी मेहनाज बेगम उसे अपने घर लेकर गई। वहां सलाउद्दीन के अलावा एक मौलवी और दो अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि वहां महिला पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया गया।

शिकायत में महिला ने बताया कि जब उसने निकाह करने से इनकार किया तो उसे कई दिनों तक कथित रूप से बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकियां दी गईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि किसी तरह वहां से निकलने के बाद आरोपियों ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी।

महिला की शिकायत के आधार पर थाना मझोला पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी सलाउद्दीन और उसकी पत्नी मेहनाज को गिरफ्तार कर लिया है।

मुरादाबाद के एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी दंपति को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल मौलवी और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

और पढ़ें: सीतापुर होटल में हरदोई की अनुपमा पांडेय की रहस्यमयी मौत, आत्महत्या या हत्या की जांच में जुटी पुलिस

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share