×
 

मुंबई में मूसलाधार बारिश से भांडुप में सड़क धंसी, जलभराव में कार और टेंपो डूबे; आईएमडी का रेड अलर्ट जारी

मुंबई में भारी बारिश से भांडुप में सड़क धंस गई और कई इलाकों में जलभराव हो गया। आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भांडुप के सोनापुर इलाके में सड़क धंसने की घटना सामने आई है। स्थानीय लोगों का दावा है कि सड़क के पास चल रहे खुदाई कार्य के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि लगातार बारिश से जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

वहीं, भिवंडी में लगातार हो रही बारिश के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है। शहर की एकमात्र नदी कामवरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे और निचले इलाकों में पानी भर गया है। नदी के किनारे खड़ी एक कार और एक टेंपो आधे से अधिक पानी में डूब चुके हैं। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और जलस्तर बढ़ता रहा तो दोनों वाहन पूरी तरह पानी में समा सकते हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान क्षेत्र में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट घोषित करते हुए कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदियों, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

और पढ़ें: भारत-इंग्लैंड दूसरे टी20 में कैसी होगी ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच? जानिए किसे मिलेगा फायदा

पिछले एक सप्ताह से मुंबई में लगातार तेज बारिश हो रही है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, पश्चिमी उपनगरों में बांद्रा के एच-वेस्ट वार्ड में सबसे अधिक 150.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सुपारी टैंक, पाली-चिंबई, परेल, माटुंगा-दादर, फोर्ट, वडाला, लोअर परेल, विक्रोली, घाटकोपर, मानखुर्द और चेंबूर सहित कई इलाकों में 100 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

हालांकि, सार्वजनिक परिवहन सेवाएं फिलहाल चालू हैं, लेकिन उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी की शिकायतें सामने आई हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। यदि बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो शहर के कई अन्य निचले इलाकों में भी बाढ़ जैसे हालात पैदा हो सकते हैं।

और पढ़ें: ममता बनर्जी को बड़ा झटका, करीबी सहयोगी चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share