मुंबई समेत कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, ठाणे-नवी मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद
आईएमडी ने मुंबई समेत छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। ठाणे, नवी मुंबई और कल्याण-डोंबिवली में एहतियातन स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 से 6 जुलाई के बीच इन क्षेत्रों में अत्यधिक से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नागरिकों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी संबंधित एजेंसियों के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
वहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने भी मुंबईवासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बीएमसी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक नगर निगम द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और जलभराव या जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
रेड अलर्ट को देखते हुए ठाणे और नवी मुंबई में शनिवार को सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इसी तरह कल्याण-डोंबिवली में भी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है, ताकि छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने स्थानीय निकायों, आपदा प्रबंधन दलों और बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर ही यात्रा करें।