×
 

मुजफ्फरपुर में पुलिस-मुठभेड़, प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का आरोपी अमित कुमार गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में वाहन जांच के दौरान पुलिस और आरोपी अमित कुमार के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और गिरफ्तार कर लिया गया।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के आरोपी अमित कुमार को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गोली उसके पैर में लगी है और उसे इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

जानकारी के अनुसार, बेला थाना और मुसहरी थाना की पुलिस संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को रुकने का संकेत दिया। युवक की पहचान बाद में कुख्यात अपराधी अमित कुमार के रूप में हुई। पुलिस को देखते ही उसने अपनी बाइक मोड़ ली और मौके से भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम को उस पर संदेह हुआ और उसका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर जब पुलिस ने उसे चारों ओर से घेर लिया, तो अमित कुमार ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने संयम बरतते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

और पढ़ें: मणिपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच आरआईएमएस से स्थानांतरित किए गए घायल कुकी युवक, अस्पताल के बाहर हुआ था विरोध प्रदर्शन

पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अमित कुमार के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और मौके से हथियार भी बरामद किए। गिरफ्तारी के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमित कुमार प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य आपराधिक घटनाओं और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

इस कार्रवाई को मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें: कोटा में आज इको ऑफ स्टूडेंट्स रैली करेंगे राहुल गांधी, गहलोत ने लगाया कोचिंग संस्थानों को डराने का आरोप

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share