×
 

स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूरे होने पर एनसीसी ने निकाली ‘साइक्लोथॉन 2026’, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

नई दिल्ली में एनसीसी ने स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूरे होने पर साइक्लोथॉन 2026 आयोजित किया। कार्यक्रम ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और देशभक्ति का संदेश दिया।

भारत की आज़ादी के 79 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ने आज नई दिल्ली में ‘साइक्लोथॉन 2026’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय सेवा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना था।

साइक्लोथॉन को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भारत की महान मुक्केबाज एम.सी. मैरी कॉम, टेनिस स्टार लिएंडर पेस तथा एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स भी मौजूद रहे।

इस आयोजन की विशेषता यह रही कि लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स के नेतृत्व में 79 एनसीसी कैडेटों ने भारत की स्वतंत्रता के 79 वर्षों का प्रतीकात्मक संदेश देने के लिए 79 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की। यह यात्रा मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से शुरू होकर राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख स्थलों से गुजरते हुए पुनः उसी स्थान पर समाप्त हुई।

और पढ़ें: यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बहराइच और फतेहपुर में बरामद किए 332 चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन

“स्वच्छ भारत, हरित भारत, फिट भारत” विषय पर आयोजित इस साइक्लोथॉन के माध्यम से एनसीसी ने टीबी मुक्त भारत, स्वच्छ भारत अभियान, एक पेड़ मां के नाम और हर घर तिरंगा जैसे राष्ट्रीय अभियानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और आम नागरिकों को साइकिल को पर्यावरण के अनुकूल, टिकाऊ और स्वास्थ्यवर्धक परिवहन माध्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही कार्बन उत्सर्जन कम करने, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया।

एनसीसी साइक्लोथॉन 2026 केवल एक खेल आयोजन नहीं था, बल्कि शारीरिक फिटनेस, सड़क सुरक्षा, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता फैलाने का भी एक प्रभावी मंच बना। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अनुशासन, टीमवर्क, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से एक मजबूत, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।

और पढ़ें: कानपुर में एसएससी की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने बरामद किया शव

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share