×
 

नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन जारी, किरण रिजिजू ने चर्चा का प्रस्ताव दिया; विपक्ष धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा

नीट पेपर लीक मामले पर जंतर-मंतर प्रदर्शन जारी है। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है, जबकि सरकार चर्चा के लिए तैयार होने की बात कह रही है।

कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में हो रहे इस आंदोलन को 32 दिन पूरे हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों और छात्र संगठनों की ओर से परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी है और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। सोमवार को हुए टकराव के बाद पुलिस ने दावा किया था कि झड़प में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए और 20 से ज्यादा पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचा।

इस बीच बुधवार को विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद के बाहर काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने नीट पेपर लीक मामले और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

और पढ़ें: सीजेपी प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई मामले में सीजेआई सूर्यकांत की सख्त टिप्पणी, बोले- हमारा समय बर्बाद न करें

प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, वाम दलों, राष्ट्रीय जनता दल, तृणमूल कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत कई विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए।

वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने विपक्ष को नीट मामले पर चर्चा का प्रस्ताव दिया है। हालांकि विपक्ष अपनी मांगों पर कायम है और वह पहले शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने उस समय हटा दिया था, जब वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर धरना दे रहे थे। यह घटनाक्रम सोमवार को सीजेपी के ‘संसद चलो’ मार्च के बाद हुआ था, जिसमें दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था।

नीट पेपर लीक मामला अब संसद से लेकर सड़क तक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया है। सरकार जहां चर्चा के लिए तैयार होने की बात कह रही है, वहीं विपक्ष जवाबदेही और कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।

और पढ़ें: दिल्ली मेट्रो ने 16 स्टेशन किए बंद, राजीव चौक समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रोक; सुरक्षा कारणों से लिया फैसला

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share