×
 

नेपाल में फिर बाढ़ का खतरा: भोटे कोशी नदी का प्रवाह बढ़ा, 675 लोगों की मौत; 2,400 से ज्यादा लापता

नेपाल में भोटे कोशी नदी का जलप्रवाह बढ़ने से प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई है। बाढ़ में 675 लोगों की मौत हुई, जबकि 2,400 से अधिक लोग अभी लापता हैं।

नेपाल में विनाशकारी अचानक आई बाढ़ के बाद स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने भोटे कोशी नदी में बाढ़ का प्रवाह बढ़ने को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। रसुवा जिला प्रशासन कार्यालय को नदी में तेज बहाव की आवाज सुनाई देने की सूचना मिली, जिसके बाद रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों में नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बुधवार को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास हिमनद ढहने से बर्फ और चट्टानों का मलबा नीचे आया, जिससे अचानक भारी मात्रा में पानी, कीचड़ और मलबा बहने लगा। इस आपदा ने कई गांवों और कस्बों को तबाह कर दिया तथा जलविद्युत परियोजनाओं समेत महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया।

नेपाल पुलिस और बचाव दलों के अनुसार, बाढ़ से प्रभावित आठ जिलों में अब तक 675 लोगों की मौत हो चुकी है। चितवन में 246, नवलपरासी पूर्व में 165, नवलपरासी पश्चिम में 63, गोरखा में 57, धादिंग में 45, नुवाकोट में 51, तनहूं में 35 और रसुवा में 13 शव बरामद किए गए हैं। 2,400 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।

और पढ़ें: नेपाल की बाढ़ में मौत को मात देकर बचे दीपक तमांग ने सुनाई खौफनाक कहानी, आंखों के सामने बह गए दोस्त

मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में फिर बारिश और गरज के साथ बौछारों की चेतावनी दी है। कोशी, बागमती और गंडकी के पहाड़ी तथा पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे राहत और बचाव अभियान प्रभावित होने की आशंका है।

करीब 2,500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें 163 विदेशी नागरिक शामिल हैं। बचाव अभियान में 11,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं, जिनमें 5,000 से ज्यादा नेपाली सेना के जवान हैं।

चीन ने तिब्बत में नदी के उद्गम क्षेत्र के पास एक नई झील बनने की चेतावनी दी है। इसके टूटने पर नेपाल में फिर बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

इस बीच, भारत ने नेपाल के लिए राहत अभियान तेज कर दिया है। भारतीय वायुसेना के सी-130जे विमान से 11 टन राहत सामग्री भेजी गई है। भारत अब तक कुल 68.5 टन राहत सामग्री नेपाल भेज चुका है। भारतीय अधिकारियों के अनुसार, 275 से अधिक भारतीय नागरिक अभी लापता हैं, जबकि 108 भारतीयों को बचाया जा चुका है।

और पढ़ें: नेपाल की भीषण बाढ़ में लहरों के बीच सुरक्षित बचा घर, बाद में परिवार का हुआ रेस्क्यू; वीडियो वायरल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share