नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से 160 की मौत, 750 से अधिक लापता; 133 भारतीय भी शामिल
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से 160 से अधिक लोगों की मौत और 750 से ज्यादा लोग लापता हैं। लापता लोगों में 133 भारतीय नागरिक शामिल हैं।
नेपाल में बुधवार को आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेपाली पुलिस के अनुसार, अब तक 157 शव बरामद किए जा चुके हैं और मृतकों की संख्या 160 से अधिक हो गई है। वहीं, 750 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों में 391 विदेशी नागरिक हैं, जिनमें 133 भारतीय शामिल हैं। बचाव और राहत अभियान लगातार जारी है।
बाढ़ की शुरुआत तिब्बत में बुधवार सुबह करीब 8:37 बजे हुई भूकंपीय घटना के बाद ग्लेशियर झील के फटने से हुई बताई गई। इसके बाद बाढ़ का पानी भोटे कोशी नदी के रास्ते रसुवा और धादिंग जिलों तक पहुंचा। देखते ही देखते नुवाकोट, चितवन, गोरखा, तनहूं और नवलपरासी पूर्व सहित कई जिलों में तबाही फैल गई। इन इलाकों की दूरी राजधानी काठमांडू से करीब 70 से 200 किलोमीटर तक है।
बाढ़ ने कई कस्बों और गांवों को प्रभावित किया तथा बड़ी संख्या में पुलों को बहा दिया। करीब एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। इनमें 111 मेगावाट की रसुवागढ़ी जलविद्युत परियोजना, 78 मेगावाट की सानजेन खोला परियोजना और 60 मेगावाट की अपर त्रिशूली-3A परियोजना शामिल हैं।
और पढ़ें: पुंछ में खाई में गिरी गाड़ी, छह लोगों की मौत; तीन घायल, बच्चे की हालत गंभीर
नेपाल सेना ने लापता लोगों की तलाश के लिए 12 हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कहा कि सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे अकेले नहीं हैं।
भारत ने नेपाल की मदद के लिए शुरुआती प्रतिक्रिया देते हुए 10 टन मानवीय सहायता, आपदा राहत सामग्री और जरूरी दवाएं भेजी हैं। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बताया कि भारतीय सहायता और चिकित्सा सामग्री काठमांडू पहुंच गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बालेंद्र शाह से बातचीत कर भारत की ओर से हरसंभव मानवीय सहायता का आश्वासन दिया। भारतीय दूतावास ने प्रभावित भारतीय नागरिकों के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर जारी किए हैं।
उधर, चीन ने भी राहत अभियान तेज कर दिया है। राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने लापता लोगों की तलाश और जोखिम वाले इलाकों से नागरिकों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं। 145 अधिकारियों और जवानों को राहत कार्यों में लगाया गया है।
और पढ़ें: हरियाणवी अभिनेता-गायक अंकित बालियान की शामली में गोली मारकर हत्या, करीब 15 राउंड फायरिंग