नेतन्याहू का बड़ा बयान: और ईरानी नेताओं को खत्म करेंगे, कई और निशाने पर
नेतन्याहू ने और ईरानी नेताओं को निशाना बनाने की चेतावनी दी। उन्होंने अमेरिका के साथ मजबूत सहयोग और युद्ध में जीत के लिए इज़राइल के बढ़ते शक्ति का दावा किया।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए और ईरानी नेताओं को मारने की खुली धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अब तक दो नाम “पंच कार्ड” से हटाए जा चुके हैं और आगे कई और नेताओं को निशाना बनाया जाएगा।
नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब इज़राइल ने ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारिजानी और बसीज बल के कमांडर गुलामरेज़ा को मार गिराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि इज़राइल के पास कई “सरप्राइज” हैं और उनकी रणनीति अभी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी विस्तृत बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि इज़राइल और अमेरिका के बीच वायुसेना और नौसेना स्तर पर गहरा सहयोग है। “हम खाड़ी क्षेत्र में अपने अमेरिकी सहयोगियों की मदद कर रहे हैं और ईरान पर अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष दोनों तरह के हमले जारी रखेंगे”।
और पढ़ें: पीएम मोदी ने नेतन्याहू से की बातचीत, शत्रुता शीघ्र समाप्त करने पर जोर दिया
नेतन्याहू ने युद्ध जीतने के लिए दृढ़ संकल्प को सबसे अहम बताते हुए सेना, कमांडरों और जनता से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि इज़राइल हर हाल में जीत हासिल करेगा।
उन्होंने 7 अक्टूबर के बाद की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय देश संकट में था, लेकिन अब इज़राइल पहले से कहीं अधिक मजबूत और शक्तिशाली बन चुका है। उन्होंने कहा कि इज़राइल आज एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है और अमेरिका के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
प्रधानमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि हमलों से प्रभावित लोगों को सरकार पूरी सहायता देगी और मुआवजे की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
और पढ़ें: भारत-इज़राइल रिश्तों को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा, भारत में G2G बैठक होगी