बांकीपुर और दतिया में हार के बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा- आत्ममंथन करेंगे
बांकीपुर और दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने जनादेश स्वीकार करते हुए आत्ममंथन की बात कही। मंजलपुर सीट पर भाजपा को जीत मिली।
विधानसभा उपचुनावों में बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी इन नतीजों पर गंभीरता से आत्ममंथन करेगी। हालांकि, गुजरात की मंजलपुर सीट पर मिली जीत के लिए उन्होंने मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया।
सोमवार को आए उपचुनाव परिणामों में भाजपा को तीन में से केवल एक सीट मंजलपुर पर जीत मिली, जबकि बांकीपुर और दतिया जैसी पार्टी की मजबूत मानी जाने वाली सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा। नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी तीनों विधानसभा उपचुनावों में जनता द्वारा दिए गए जनादेश को पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करती है।
उन्होंने मंजलपुर के मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि वहां की जनता ने भाजपा पर अपना विश्वास जताया है। साथ ही उन्होंने जीत के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई दी।
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा की इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में भीषण आग, दीवार गिरने से दो दमकलकर्मियों की मौत
बांकीपुर और दतिया में हार पर नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी को अपेक्षित जनादेश नहीं मिला। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के चुनाव परिणामों का गंभीरता से विश्लेषण किया जाएगा और नई ऊर्जा तथा संकल्प के साथ जनता के बीच जाकर उनके विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपने चुनावी पदार्पण में बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया। प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि नीरज कुमार को 44,827 मत प्राप्त हुए। यह सीट 1995 से भाजपा के कब्जे में थी और नितिन नवीन स्वयं यहां से लगातार चार बार विधायक रह चुके हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश के दतिया में भी भाजपा को बड़ा झटका लगा। यह सीट लंबे समय तक भाजपा का गढ़ मानी जाती रही है, जहां पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा लगातार तीन बार विधायक चुने गए थे। ऐसे में दोनों सीटों पर हार को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक झटका माना जा रहा है।