×
 
☰

ओहायो में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़, ईंटें फेंककर खिड़कियां तोड़ी गईं

अमेरिका के ओहायो में स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वडतालधाम में ईंटें फेंककर खिड़कियां तोड़ी गईं। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। हिंदू संगठनों ने जांच और कार्रवाई की मांग की।

अमेरिका के ओहायो में ग्रेटर क्लीवलैंड इलाके स्थित स्वामीनारायण हिंदू मंदिर वडतालधाम में शुक्रवार दोपहर तोड़फोड़ की घटना सामने आई। मंदिर की खिड़कियों पर ईंटें फेंकी गईं, जिससे शीशे टूट गए और इमारत को नुकसान पहुंचा। घटना के समय मंदिर के अंदर पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

हिंदू संगठनों ने शनिवार को घटना की जानकारी देते हुए मामले की जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) की कार्यकारी निदेशक सुहाग शुक्ला ने कहा कि ऑनलाइन नफरत अब वास्तविक दुनिया में हिंदू मंदिर पर हमले में बदल गई है। उन्होंने घटना का वीडियो देखने और हमलावर की पहचान कर उसे पकड़ने की मांग की।

सुहाग शुक्ला ने भारतीय और हिंदू-अमेरिकी समुदायों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी की सार्वजनिक और स्पष्ट निंदा करने के लिए निर्वाचित नेताओं तथा सरकारी एजेंसियों से भी अपील की।

और पढ़ें: बांग्लादेश में हिंदू ज्वेलर की हत्या, ड्रम में मिला शव; 20 सितंबर से था लापता

कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (कोहना) ने इसे हिंदुओं के खिलाफ नफरत की एक ताजा घटना बताया। संगठन ने पुलिस से उचित कार्रवाई करने और रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस से ऐसी घटना की निंदा करने का आग्रह किया।

संगठन ने कहा कि यह घटना ऐसे समय हुई है जब ओहायो में हिंदू समुदाय हिंदू हेरिटेज मंथ मनाने की तैयारी कर रहा है और कुछ ही दिनों बाद नवरात्रि शुरू होने वाली है।

अमेरिका में इससे पहले भी हिंदू मंदिरों को निशाना बनाकर तोड़फोड़ और आपत्तिजनक संदेश लिखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। भारतीय-अमेरिकी सांसद सुहास सुब्रमण्यम ने पूर्व में ऐसी घटनाओं की निंदा करते हुए कहा था कि अमेरिका में लोगों को बिना डर अपने धर्म का पालन करने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने पूजा स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने और नफरत के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया था।

और पढ़ें: सैन फ्रांसिस्को के पास न्यूयॉर्क टाइम्स इंजीनियर की गोली मारकर हत्या, सास-ससुर गिरफ्तार

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share