ओरेकल में फिर छंटनी शुरू, एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर 95 अरब डॉलर तक खर्च की तैयारी
ओरेकल में फिर छंटनी शुरू होने की खबर है। कंपनी खर्च घटाने के साथ एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर वित्त वर्ष 2027 में 95 अरब डॉलर तक खर्च करेगी।
टेक कंपनी ओरेकल में एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी शुरू होने की खबर सामने आई है। कंपनी अपनी टीमों का पुनर्गठन कर रही है और इसी बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को सोमवार, 14 सितंबर से छंटनी के नोटिस मिलने शुरू हुए।
रिपोर्ट में प्रभावित कर्मचारियों और कंपनी के एक आंतरिक ईमेल का हवाला दिया गया है। बताया गया है कि ताजा छंटनी व्यापक संगठनात्मक बदलाव का हिस्सा है। इससे पहले वित्त वर्ष 2026 में भी ओरेकल ने कर्मचारियों की नौकरियां कम की थीं।
कर्मचारियों को मिलेगा सेवरेंस पैकेज
रिपोर्ट के अनुसार, नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को ओरेकल में उनकी सेवा अवधि के आधार पर सेवरेंस पैकेज दिया जा रहा है। इसमें चार सप्ताह के मूल वेतन के अलावा कंपनी में बिताए प्रत्येक अतिरिक्त वर्ष के लिए एक सप्ताह का वेतन शामिल है।
और पढ़ें: सितंबर में ओरेकल कर सकती है छंटनी का ऐलान, भारत में हजारों कर्मचारियों पर पड़ सकता है असर
पिछले सेवरेंस पैकेज में भुगतान की अधिकतम सीमा 26 सप्ताह थी, लेकिन इस बार जारी दस्तावेजों में ऐसी कोई सीमा स्पष्ट नहीं की गई है। कर्मचारियों को बताया गया है कि छंटनी का नोटिस मिलने वाले दिन ही उनका अंतिम कार्य दिवस माना जाएगा।
एआई पर 95 अरब डॉलर तक खर्च
एक तरफ ओरेकल कर्मचारियों की संख्या और खर्चों को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है। कंपनी नए डेटा सेंटर और एआई कंप्यूटिंग के लिए अरबों डॉलर खर्च कर रही है।
ओरेकल का पूंजीगत खर्च पहली तिमाही में बढ़कर 28.5 अरब डॉलर हो गया, जो एक साल पहले 8.5 अरब डॉलर था। वित्त वर्ष 2027 में कंपनी 95 अरब डॉलर तक खर्च करने की योजना बना रही है। इसका बड़ा हिस्सा क्लाउड और एआई वर्कलोड के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर खर्च होगा।
व्यापक पुनर्गठन का हिस्सा है छंटनी
मार्च में ओरेकल ने वित्त वर्ष 2026 में पुनर्गठन से जुड़ी लागत करीब 2.1 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान जताया था। इसमें कर्मचारियों को दिए जाने वाले सेवरेंस की लागत भी शामिल थी।
ओरेकल ने ताजा छंटनी पर अभी सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। प्रभावित होने वाले कर्मचारियों की सटीक संख्या भी स्पष्ट नहीं है। कंपनी अब अपने पारंपरिक एंटरप्राइज कारोबार और तेजी से बढ़ती एआई मांग के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है।
और पढ़ें: लुधियाना में AAP विधायक का ट्रक ड्राइवर से विवाद, थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल; विधायक ने दी सफाई