पहलगाम आतंकी हमले में लश्कर प्रमुख हाफिज सईद भी आरोपी, एनआईए ने दाखिल की 1597 पेज की चार्जशीट
पहलगाम आतंकी हमले में एनआईए ने लश्कर प्रमुख हाफिज सईद को आरोपी बनाया है। 1597 पन्नों की चार्जशीट में पाकिस्तान प्रायोजित साजिश और आतंकी भूमिका का खुलासा किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार (06-07-2026) को इस केस में पूरक चार्जशीट दाखिल करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद को भी आरोपी बनाया है। यह चार्जशीट जम्मू स्थित विशेष न्यायालय में पेश की गई है।
एनआईए के अनुसार, हाफिज सईद पर इस हमले की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में प्रत्यक्ष भूमिका निभाने के गंभीर आरोप हैं। जांच एजेंसी ने यह भी कहा है कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने इस हमले की योजना बनाने और उसे क्रियान्वित करने में अहम भूमिका निभाई थी। हाफिज सईद इन संगठनों से गहराई से जुड़ा हुआ है।
चार्जशीट में हाफिज सईद पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के तहत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इसमें भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने और सीमा पार से आतंकी साजिश रचने के आरोप भी शामिल हैं। एनआईए ने कुल 1597 पन्नों की चार्जशीट में पाकिस्तान की भूमिका, साजिश की पूरी रूपरेखा और वैज्ञानिक जांच से जुटाए गए सबूतों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया है।
और पढ़ें: राम मंदिर दान चोरी मामला: ट्रस्ट की अहम बैठक जारी, शाम 5:30 बजे आएगा आधिकारिक बयान
इससे पहले 15 दिसंबर 2025 को एनआईए ने पाकिस्तानी हैंडलर साजिद जट्ट को भी आरोपी बनाया था। वहीं जुलाई 2025 में हुए ऑपरेशन महादेव के दौरान मारे गए तीन आतंकियों और दो गिरफ्तार आरोपियों के नाम भी चार्जशीट में शामिल हैं।
यह हमला 22 अप्रैल 2025 को हुआ था, जब पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने पहलगाम में पर्यटकों को निशाना बनाया था। आतंकियों ने धर्म पूछकर निर्दोष लोगों की हत्या की थी, जिसमें कुल 26 लोगों की मौत हुई थी। इनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल था।
इस घटना के बाद गृह मंत्रालय ने जांच एनआईए को सौंप दी थी। एजेंसी का कहना है कि पाकिस्तान की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।
और पढ़ें: खामेनेई के अंतिम संस्कार में ट्रंप और नेतन्याहू के खिलाफ गूंजे नारे, ईरान में बढ़ा तनाव