पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में फिर किया हवाई हमला, तीन की मौत और कई घायल
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका में कथित हवाई हमले किए, जिनमें तीन लोगों की मौत हुई। संयुक्त राष्ट्र पहले ही सीमा पार हिंसा में सैकड़ों नागरिक हताहत होने की जानकारी दे चुका है।
पाकिस्तान ने सोमवार को अफगानिस्तान के कुनार और पक्तिका प्रांतों में कथित तौर पर फिर हवाई हमले किए। इन हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए। यह कार्रवाई इस्लामाबाद और काबुल में तालिबान प्रशासन के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने सोमवार सुबह अफगानिस्तान के कई इलाकों को निशाना बनाया। पक्तिका प्रांत के बरमल जिले के रखा और तोरकंडी क्षेत्रों में दो अलग-अलग हमले किए गए। इनमें एक खाली मकान और दूसरी पूर्व दुकान को निशाना बनाया गया। दोनों इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, लेकिन यहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कुनार प्रांत में हुए एक अलग हवाई हमले में तीन लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है। मृतकों की पहचान और हमले के सटीक स्थान की तत्काल जानकारी नहीं मिली है।
और पढ़ें: पाकिस्तान में किफायत के नए नियम, रात 9 बजे तक बंद होंगे बाजार; सरकारी गाड़ियों की खरीद पर रोक
संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन इन अफगानिस्तान (यूएनएएमए) के अनुसार, अप्रैल से जून 2026 के बीच सीमा पार हिंसा में 399 नागरिक हताहत हुए। इनमें 57 लोगों की मौत और 342 के घायल होने की जानकारी दर्ज की गई। पीड़ितों में 40 महिलाएं और 112 बच्चे शामिल थे। यूएनएएमए ने कहा कि हवाई हमले और जमीनी संघर्ष नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के प्रमुख कारण रहे।
पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल आतंकी संगठन भर्ती, प्रशिक्षण और हथियार जुटाने के लिए कर रहे हैं। तालिबान इन आरोपों को खारिज करता रहा है।
तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान को अफगानिस्तान में सैन्य कार्रवाई के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि देश अपनी संप्रभुता की रक्षा का अधिकार रखता है। उन्होंने अनुच्छेद 51 का हवाला देकर सैन्य कार्रवाई को उचित ठहराने की कोशिश पर भी कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी दी।
नए हमलों के बाद पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर तनाव और नागरिक सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।