×
 

पाकिस्तान में आतंकरोधी अभियान तेज, लगभग 200 अलगाववादी ढेर

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों ने आतंकरोधी अभियान में लगभग 200 अलगाववादियों को मार गिराने का दावा किया। हालिया हमलों में 36 नागरिक और 22 सुरक्षा कर्मियों की मौत हुई।

पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर चलाए जा रहे आतंकरोधी अभियान के दौरान लगभग 200 अलगाववादी उग्रवादियों को मार गिराने का दावा किया है। एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने बुधवार (4 फरवरी 2026) को बताया कि सप्ताहांत में हुए हमलों के बाद से अब तक 197 आतंकियों को ढेर किया जा चुका है, जिससे कुल मृतकों की संख्या 250 के पार पहुंच गई है।

पिछले कुछ दिनों से सरकारी बलों और उग्रवादियों के बीच लगातार संघर्ष जारी है। बंदूकधारियों ने बैंक, जेल, पुलिस थाने और सैन्य ठिकानों पर समन्वित हमले किए थे, जिसके बाद कई जिलों में रुक-रुक कर झड़पें जारी हैं। इन हमलों में कम से कम 36 नागरिक और 22 सुरक्षा कर्मियों की भी मौत हुई है।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगटी ने क्वेटा में आयोजित कॉन्फ्रेंस में कहा कि जिन जिलों पर हमले हुए थे, उन्हें पूरी तरह साफ कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “हम उनका पीछा कर रहे हैं और उन्हें इतनी आसानी से बचने नहीं देंगे।”

और पढ़ें: पाकिस्तान में आतंकी हमले: बीएलए ने दो महिला आत्मघाती हमलावरों की तस्वीरें जारी कीं, 40 घंटे में 145 आतंकवादी ढेर

हमलों की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है, जो प्रांत का सबसे सक्रिय अलगाववादी संगठन माना जाता है। अमेरिका ने भी इस संगठन को आतंकवादी घोषित किया हुआ है। संगठन ने अपने बयान में कहा कि उसने सैन्य ठिकानों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निशाना बनाया है और इसमें बंदूक हमलों के साथ आत्मघाती हमले भी शामिल थे।

बलूचिस्तान, जो खनिज संपदा से समृद्ध है और अफगानिस्तान तथा ईरान की सीमा से सटा हुआ है, लंबे समय से अलगाववादी हिंसा का सामना कर रहा है। हाल के वर्षों में उग्रवादियों ने अन्य प्रांतों के कामगारों और विदेशी ऊर्जा कंपनियों को भी निशाना बनाया है। पिछले वर्ष 450 यात्रियों वाली ट्रेन पर हमला कर दो दिन तक घेराबंदी की गई थी।

संयुक्त राष्ट्र ने हालिया हमलों को “घृणित और कायरतापूर्ण” बताया है और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बुधवार दोपहर कुछ मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

और पढ़ें: 14 साल बाद बहाल हुई बांग्लादेश-पाकिस्तान सीधी उड़ान, ढाका से कराची पहुंचा विमान

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share