×
 

पाकिस्तान के बन्नू में आत्मघाती हमला, विस्फोटक वाहन से पुलिस चौकी उड़ी; 15 जवानों की मौत

पाकिस्तान के बन्नू में आत्मघाती हमले में विस्फोटकों से भरे वाहन को पुलिस चौकी से टकरा दिया गया। धमाके में 15 पुलिसकर्मियों की मौत और 3 घायल हुए।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में शनिवार देर रात एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें कम से कम 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हमला तब हुआ जब एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन को फतेह खेल पुलिस चौकी से टकरा दिया।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरी पुलिस चौकी मलबे में तब्दील हो गई और कई पुलिसकर्मी उसके नीचे दब गए। बन्नू के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल सज्जाद खान ने बताया कि विस्फोट के कारण चौकी को भारी नुकसान पहुंचा और कई जवान मलबे में फंस गए।

राहत और बचाव दल ने मलबे से तीन पुलिसकर्मियों को जीवित बाहर निकाला, जबकि पूरी रात बचाव अभियान जारी रहा। मृतकों में रहमत अयाज, सनाउल्लाह, नियाज अली, हबीब, सादुल्लाह जान, कमरान, नूरुल्लाह, आबिद जानी, इमरान, कलीमुल्लाह, सादिकुल्लाह, मुनीर आलम खान, राहतुल्लाह खान और फारूक शामिल हैं। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान मुजरिम फिरोज, हयातुल्लाह और कादरुल्लाह के रूप में हुई है।

और पढ़ें: आईपीएल की टीवी रेटिंग गिरने पर बोले ललित मोदी, कहा- दर्शक गायब नहीं हुए, सिर्फ स्क्रीन बदल गई

धमाके की आवाज दूर-दराज के इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट की तीव्रता के कारण आसपास के कई मकानों की छतें भी गिर गईं और नागरिक ढांचों को भारी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरा इलाका दहशत में आ गया।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि अंधेरा और संभावित दूसरे हमले की आशंका के कारण राहत कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

इस हमले की खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सुहैल अफरीदी ने कड़ी निंदा की है। वहीं, बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा बलों पर कई हमलों की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।

और पढ़ें: विजय के शपथ ग्रहण समारोह में बदली परंपरा, राष्ट्रगान से पहले पूर्ण वंदे मातरम् का गायन

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share