पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मस्जिद में भीषण धमाका, 16 लोगों की मौत, कई घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में शुक्रवार की नमाज के दौरान पुलिस मस्जिद में विस्फोट हुआ। अधिकारियों के अनुसार 16 लोगों की मौत हुई और कई घायल हैं।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को एक पुलिस मस्जिद में भीषण विस्फोट हुआ। अधिकारियों के अनुसार, धमाके में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। विस्फोट पुराने पुलिस लाइंस के पास स्थित मस्जिद में उस समय हुआ, जब वहां शुक्रवार की नमाज अदा की जा रही थी।
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस समेत बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव अभियान जारी है। रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि बचाव दल स्थिति का जायजा ले रहे हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, कुछ अपुष्ट रिपोर्टों में इसे आत्मघाती हमला बताया गया है और इसके पीछे इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान (आईएमपी) का हाथ होने का दावा किया गया है। यह संगठन पिछले साल अप्रैल में अस्तित्व में आया था और पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों का विरोध करता है।
खैबर पख्तूनख्वा में सक्रिय आतंकी संगठन
एक रिपोर्ट के अनुसार, आईएमपी के उभरने के बाद उत्तरी वजीरिस्तान में कई आतंकी हमलों और आत्मघाती धमाकों में उसकी भूमिका बताई गई है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जमात-उल-अहरार के समर्थक आईएमपी में शामिल हो सकते हैं।
खैबर पख्तूनख्वा पाकिस्तान के सबसे अशांत क्षेत्रों में शामिल है। यहां तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) समेत कई आतंकी संगठन सक्रिय हैं और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के साथ संघर्ष करते रहे हैं।
इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा में दो अलग-अलग अभियानों में टीटीपी के 10 आतंकियों को मार गिराने का दावा किया था। उत्तरी वजीरिस्तान में छह और हंगू जिले में चार आतंकियों के मारे जाने की बात कही गई।