पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा: ट्रेन पटरी से उतरी, 5 की मौत और 30 से अधिक घायल
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रेहमान बाबा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। हादसे में पांच लोगों की मौत और लगभग 30 घायल हुए। बचाव अभियान जारी है।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ। कराची से पेशावर जा रही यात्री ट्रेन रेहमान बाबा एक्सप्रेस मुल्तान में शेर शाह पुल के पास पटरी से उतर गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 30 यात्री घायल बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई। पुलिस और बचाव अधिकारियों ने बताया कि घायलों को मुल्तान के निश्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के 13 डिब्बों को खाली करा लिया गया है, जबकि एक अन्य डिब्बे में राहत और बचाव कार्य चल रहा है।
एक यात्री ने पत्रकारों को बताया कि हादसे से पहले रोहरी के पास रेलवे कर्मचारियों ने नौवें डिब्बे के नट-बोल्ट की मरम्मत की थी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि कथित मरम्मत का ट्रेन के पटरी से उतरने से कोई संबंध था या नहीं।
और पढ़ें: लद्दाख में स्थानों के नाम तय करने पर चीन की आपत्ति, भारत का जवाब—इनकार से तथ्य नहीं बदलेंगे
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे में घायल यात्रियों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव अभियान तेज करने और घायलों को बिना देरी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पाकिस्तान रेलवे और संबंधित अधिकारी मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।
पाकिस्तान में रेल सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। अगस्त 2023 में सिंध प्रांत के नवाबशाह के पास हजारा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थी। उस दुर्घटना में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई थी और 100 से अधिक घायल हुए थे।
और पढ़ें: आईआईआईटी रांची के छात्र की मौत की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित