×
 

कश्मीर पर सर्जियो गोर के बयान से पाकिस्तान नाराज, अमेरिकी राजनयिक को किया तलब

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। पाकिस्तान ने आपत्ति जताते हुए अमेरिकी प्रभारी राजदूत नताली बेकर को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर के जम्मू-कश्मीर को लेकर दिए बयान पर पाकिस्तान भड़क गया है। गोर ने श्रीनगर दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा” बताया था। इसके बाद पाकिस्तान ने बुधवार, 19 अगस्त को इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रभारी राजदूत नताली बेकर को तलब किया और उनके बयान के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने गोर की टिप्पणी को “तथ्यात्मक रूप से गलत” बताते हुए जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा बताए जाने को सख्ती से खारिज किया। पाकिस्तान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विवादित क्षेत्र है और इसका अंतिम फैसला संबंधित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों तथा कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप होना बाकी है।

पाकिस्तान ने अमेरिकी राजदूत के बयान को “गैर-जिम्मेदाराना” बताते हुए कहा कि यह जम्मू-कश्मीर विवाद पर अमेरिका के लंबे समय से चले आ रहे रुख के विपरीत है। इस्लामाबाद ने यह भी दावा किया कि बयान अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता से मेल नहीं खाता।

और पढ़ें: इमरान खान को निजी अस्पताल भेजने के आदेश को पाकिस्तान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी

पाकिस्तान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता की पेशकश का भी उल्लेख किया। उसने अमेरिका से आग्रह किया कि उसके सार्वजनिक बयान जम्मू-कश्मीर के विवादित दर्जे के संबंध में उसके पुराने रुख के अनुरूप होने चाहिए।

सर्जियो गोर ने क्या कहा?

सर्जियो गोर ने श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की भी प्रशंसा की और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए केंद्र तथा जम्मू-कश्मीर प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

गोर ने संकेत दिया कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए अपनी यात्रा संबंधी चेतावनी की समीक्षा कर सकता है। वर्तमान में अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जम्मू-कश्मीर को लेकर लेवल-4 ‘यात्रा करें’ की सलाह जारी कर रखी है।

गोर दो दिवसीय दौरे पर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पहुंचे थे। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद यह केंद्रशासित प्रदेश की उनकी पहली स्वतंत्र यात्रा बताई गई है।

और पढ़ें: शाहजाद भट्टी आतंकी नेटवर्क पर भारत की टिप्पणी को पाकिस्तान ने खारिज किया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share