फीफा विश्व कप में बड़ा उलटफेर, पैराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
फीफा विश्व कप 2026 में पैराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को 4-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। अब टीम अंतिम-16 में फ्रांस या स्वीडन के विजेता से भिड़ेगी।
फीफा विश्व कप 2026 में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब पैराग्वे ने चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर अंतिम-16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में प्रवेश कर लिया। रोमांच से भरपूर यह मुकाबला निर्धारित समय और अतिरिक्त समय के बाद 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
मैच में पैराग्वे ने पहला गोल पहले हाफ के 42वें मिनट में जूलियो एनसिसो के शानदार हेडर के जरिए किया। इस गोल के साथ पैराग्वे ने मध्यांतर तक 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में जर्मनी ने वापसी करते हुए 54वें मिनट में काई हैवर्ट्ज़ के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
निर्धारित समय और अतिरिक्त समय में दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा, जहां पैराग्वे ने शानदार संयम दिखाया। शूटआउट के सडन डेथ चरण में होसे कानाले ने निर्णायक पेनल्टी को गोल में बदला, जबकि गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने दो महत्वपूर्ण बचाव कर टीम की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित की।
और पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप में क़तर का शर्मनाक रिकॉर्ड, एक ही टूर्नामेंट में दो आत्मघाती गोल
मैच के बाद ऑरलैंडो गिल ने कहा कि उन्होंने जर्मनी के हर खिलाड़ी और उनकी पेनल्टी लेने की शैली का गहराई से अध्ययन किया था। इसी तैयारी की बदौलत वह केवल दो पेनल्टी पर गोल होने देने में सफल रहे। उन्होंने इस जीत को पूरे पैराग्वे की जनता को समर्पित किया।
यह पैराग्वे की विश्व कप नॉकआउट चरण में लंबे समय बाद बड़ी सफलता है। इससे पहले टीम ने वर्ष 2010 के विश्व कप में जापान को पेनल्टी शूटआउट में हराकर क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
वहीं, जर्मनी के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही। 2014 में विश्व कप जीतने के बाद यह पहली बार था जब जर्मनी नॉकआउट चरण तक पहुंचा था। लगातार दो संस्करणों में ग्रुप चरण से बाहर होने के बाद इस बार टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन उसका सफर अंतिम-32 में ही समाप्त हो गया। अब पैराग्वे का सामना अंतिम-16 में फ्रांस और स्वीडन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
और पढ़ें: घाना से गोलरहित ड्रॉ के बाद इंग्लैंड के नाम 60 साल का शर्मनाक विश्व कप रिकॉर्ड