मलेशिया में पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर, द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूती पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी को मलेशिया में गार्ड ऑफ ऑनर मिला। भारत-मलेशिया रक्षा, व्यापार और निवेश सहयोग बढ़ाने पर जोर। भारतीय प्रवासी कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर स्थित पर्डाना पुत्रा भवन में औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वह दक्षिण-पूर्व एशियाई देश की दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को मलेशिया पहुंचे थे। इस दौरान उनके समकक्ष मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने मुलाकात कर भारत और मलेशिया के बीच रक्षा, व्यापार, निवेश और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया पहुंचने के बाद भारतीय समुदाय द्वारा किए गए भव्य स्वागत पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा उन्हें मिले इस स्नेह और गर्मजोशी ने भावुक कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ बातचीत को लेकर उत्साहित हैं और भारत-मलेशिया मित्रता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद करते हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। वार्ता में रक्षा और सुरक्षा सहयोग, व्यापार और निवेश बढ़ाने, शिक्षा और तकनीकी क्षेत्रों में साझेदारी को विस्तार देने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत और मलेशिया के संबंधों में लगातार प्रगति हुई है और यह यात्रा इन्हें और मजबूत करेगी।
और पढ़ें: रूस के उफा विश्वविद्यालय में चाकू हमला, चार भारतीय छात्र घायल; जांच शुरू
पीएम मोदी ने मलेशिया में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित किया और एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जिसमें 800 से अधिक कलाकारों ने भरतनाट्यम, कथक, कथकली, कुचिपुड़ी, यक्षगान, लावणी और ओडिसी जैसे भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि मलेशिया दुनिया में भारतीय मूल के लोगों की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाला देश है और यह समुदाय दोनों देशों के बीच मजबूत सेतु का काम करता है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति और वैश्विक स्तर पर बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है और रक्षा निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।