मलेशिया दौरे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत, रक्षा और आर्थिक सहयोग पर होंगे अहम समझौते
पीएम मोदी दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर पहुंचे। रक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग पर अहम वार्ता होगी। जाकिर नाइक प्रत्यर्पण मुद्दा उठ सकता है, भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे, जहां उनके मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने कहा, उन्हें एयरपोर्ट पर मिले स्नेहपूर्ण स्वागत से गहरा स्पर्श हुआ और वे दोनों देशों के बीच दोस्ती के संबंधों को और मजबूत करने के लिए बातचीत को लेकर उत्साहित हैं।
अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ व्यापक बातचीत करेंगे। उम्मीद है कि इन वार्ताओं के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कई अहम समझौते किए जाएंगे। अपने प्रस्थान बयान में पीएम मोदी ने संकेत दिया था कि यह यात्रा रक्षा सहयोग और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित रहेगी।
उन्होंने कहा कि भारत और मलेशिया के ऐतिहासिक संबंध हाल के वर्षों में लगातार मजबूत हुए हैं और वे इस यात्रा के दौरान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि दोनों देश रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करने, आर्थिक और नवाचार साझेदारी को मजबूत बनाने तथा नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का लक्ष्य रखेंगे। अगस्त 2024 में भारत और मलेशिया ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था।
और पढ़ें: मलेशिया दौरे पर पीएम मोदी, व्यापार और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर
प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान भारत एक बार फिर विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण का मुद्दा भी उठा सकता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा समृद्ध एजेंडा के साथ दोनों देशों के विशेष संबंधों को नई गति देगी।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार दोपहर कुआलालंपुर में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि लगभग 30 लाख की संख्या वाला भारतीय प्रवासी समुदाय दोनों देशों के बीच जीवंत पुल का काम करता है और मलेशिया की प्रगति में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
और पढ़ें: अमेरिका दबाव में मोदी ने किया ट्रैप डील : कांग्रेस का आरोप