×
 

लगातार चलने वाले युद्धों से युद्ध खत्म करने की ओर बढ़ना होगा: पीएम मोदी ने पुतिन से कहा

एससीओ शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने और शांति के प्रयास जारी रखने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से इतर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक ऐसे समय हुई, जब रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।

रूस के अनुसार, दोनों नेताओं की बैठक बिश्केक स्थित अला-अरचा राजकीय आवास के अक्साकल बैठक कक्ष में हुई। बातचीत की शुरुआत गर्मजोशी से हुई और मोदी तथा पुतिन ने एक-दूसरे को गले लगाया। पुतिन ने कहा कि मॉस्को और नई दिल्ली के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।

युद्ध खत्म करने पर पीएम मोदी का जोर

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर भारत के रुख को दोहराया। उन्होंने कहा कि भारत शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करता रहेगा। मोदी ने कहा कि युद्ध का हर दिन मानवता को पीछे ले जाता है, जबकि शांति की दिशा में उठाया गया हर कदम नई उम्मीद पैदा करता है।

और पढ़ें: एससीओ सम्मेलन से इतर पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से की मुलाकात, ईरान युद्ध के बाद पहली बैठक

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया को अंतहीन युद्धों से आगे बढ़कर युद्ध समाप्त करने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विवादों का जल्द शांतिपूर्ण समाधान मानवता की आवश्यकता है। मोदी ने गांधी और बुद्ध की भूमि भारत का संदेश शांति बताया।

पश्चिम एशिया संकट के बीच मुलाकात अहम

मोदी-पुतिन की बैठक पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मध्य पूर्व में तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक तेल बाजार पर दबाव बढ़ा है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए रूसी कच्चे तेल पर भी निर्भर है।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए पुतिन को न्योता

प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन को सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मोदी ने कहा कि पुतिन की भारत यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगी। पुतिन ने भारत-रूस संबंधों पर मोदी के व्यक्तिगत ध्यान के लिए आभार जताया।

और पढ़ें: उज्बेकिस्तान में छाईं पीएम मोदी की कविताएं, छात्रों ने हिंदी-उज्बेक भाषा में सुनाई रचनाएं; अभी तो सूरज उगा है पर खास प्रस्तुति

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share