रूस में पुतिन समर्थित यूनाइटेड रशिया की बड़ी बढ़त, शुरुआती नतीजों में 57.5% वोट
रूस के स्टेट ड्यूमा चुनाव में पुतिन समर्थित यूनाइटेड रशिया पार्टी शुरुआती नतीजों में 57.5 प्रतिशत वोट के साथ आगे है। अंतिम परिणाम 25 सितंबर तक आने की उम्मीद है।
रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के समर्थन वाली सत्तारूढ़ यूनाइटेड रशिया पार्टी स्टेट ड्यूमा चुनाव में 57.5 प्रतिशत वोट के साथ आगे चल रही है। तीन दिनों तक चले मतदान की प्रक्रिया रविवार को समाप्त हुई। अंतिम नतीजे 25 सितंबर तक आने की उम्मीद है।
यह चुनाव फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू होने के बाद पहला संसदीय चुनाव है। 450 सदस्यीय स्टेट ड्यूमा रूस की संसद का निचला सदन है। मतदान 18 से 20 सितंबर तक हुआ।
पुतिन ने चुनाव को देश की सैन्य और राजनीतिक दिशा के लिए जनता के समर्थन के संकेत के तौर पर पेश किया। मतदान से पहले उन्होंने कहा कि लोगों का फैसला यह दिखाएगा कि लाखों नागरिक रूसी सैनिकों के साथ खड़े हैं और साझा मूल्यों तथा मातृभूमि के प्रति एकजुट हैं।
और पढ़ें: पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर पुतिन और अमेरिका ने दी बधाई, विदेशी राजनयिकों ने भी भेजीं शुभकामनाएं
चुनाव ऐसे राजनीतिक माहौल में हुआ, जहां क्रेमलिन के लिए प्रभावी विपक्ष की मौजूदगी सीमित रही। रूस की एकमात्र पंजीकृत युद्ध-विरोधी पार्टी याब्लोको को पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद संघीय पार्टी-लिस्ट चुनाव में हिस्सा लेने से रोक दिया गया था।
पुतिन स्वयं इस चुनाव में उम्मीदवार नहीं थे। उनका अगला राष्ट्रपति चुनाव 2030 में होना है। 2021 के पिछले संसदीय चुनाव में यूनाइटेड रशिया ने 450 में से 324 सीटें जीती थीं।
इस बीच चुनाव के अंतिम दिन रूस और यूक्रेन के बीच सैन्य गतिविधियां भी तेज रहीं। रूसी अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन ने रविवार को मॉस्को और आसपास के इलाकों की ओर 1,000 से अधिक ड्रोन भेजे। हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत और एक प्रमुख तेल रिफाइनरी को नुकसान की सूचना है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने दावा किया कि हमलों का उद्देश्य चुनाव बाधित करना था, हालांकि यूक्रेन ने इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की।
रूस के केंद्रीय चुनाव आयोग के अनुसार, कुल मतदान प्रतिशत 56.66 प्रतिशत रहा। भारत में भी रूसी नागरिकों ने मतदान किया। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई और गोवा समेत पांच स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए थे।
और पढ़ें: यूरोपीय देशों के लिए रूस से कोई खतरा नहीं: ब्रिक्स सम्मेलन में बोले पुतिन