CBSE उत्तर पुस्तिका विवाद: राहुल गांधी ने छात्र वेदांत से की मुलाकात, बोले- जवाब की जगह अपमान मिला
सीबीएसई उत्तर पुस्तिका विवाद में राहुल गांधी ने छात्र वेदांत से मुलाकात की। गलत अपलोड पर छात्रों को ट्रोल किया गया, जिसे उन्होंने अनुचित बताते हुए सीबीएसई की गलती उजागर की।
सीबीएसई कक्षा 12 की फिजिक्स उत्तर पुस्तिका से जुड़े विवाद ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मामले में सामने आए छात्र वेदांत श्रीवास्तव और अन्य छात्रों से मुलाकात की और उन्हें ऑनलाइन ट्रोल किए जाने की कड़ी आलोचना की।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब वेदांत श्रीवास्तव ने दावा किया कि सीबीएसई द्वारा उनके रोल नंबर पर अपलोड की गई फिजिक्स की उत्तर पुस्तिका उनकी नहीं थी। इस मुद्दे ने सोशल मीडिया पर तेजी से तूल पकड़ा और बाद में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने इस त्रुटि को स्वीकार किया।
राहुल गांधी ने इस मुलाकात का एक वीडियो साझा किया। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि जिन लोगों ने छात्रों को “एंटी-नेशनल” और “पाकिस्तानी” जैसे शब्दों से संबोधित किया, वे गलत हैं। राहुल गांधी ने कहा, “मेरे ‘एंटी-नेशनल सोरोस एजेंट’ दोस्तों के साथ एक खुली बातचीत हुई। वेदांत और उनके दोस्त होनहार और बहादुर युवा हैं जिन्होंने सीबीएसई और सरकार से सिर्फ सवाल पूछे, लेकिन उन्हें जवाब की जगह अपमान मिला।”
वेदांत ने बताया कि जब उन्होंने इस गलती पर सवाल उठाया तो उन्हें ऑनलाइन काफी आलोचना झेलनी पड़ी। छात्र ने कहा कि उन्हें कुछ लोगों ने “एंटी-नेशनल” और “पाकिस्तानी” तक कह दिया।
इस पर राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों ने केवल अपना उत्तर पत्र मांगा था, जो उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि समस्या को स्वीकार किए बिना समाधान संभव नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों को गलत तरीके से “स्पाई” या “डीप स्टेट एजेंट” तक कहा गया।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब वेदांत ने बताया कि उनकी फिजिक्स उत्तर पुस्तिका किसी और की अपलोड कर दी गई थी। बाद में सीबीएसई ने गलती स्वीकार करते हुए सही उत्तर पुस्तिका छात्र को ईमेल कर दी। बोर्ड ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर परिणाम में संशोधन किया जाएगा।
इस घटना ने सीबीएसई के नए ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम (OSM) और उत्तर पुस्तिका प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
और पढ़ें: 1 जून से पेट्रोल, डीजल और एटीएफ निर्यात पर विंडफॉल टैक्स में कटौती, तेल कंपनियों को राहत