×
 

रोहतास के नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की पीट-पीटकर हत्या, साजिश की आशंका

रोहतास के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की औरंगाबाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, परिजनों ने चालक पर भी आरोप लगाए हैं।

बिहार के रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह वारदात औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को इलाज के लिए डेहरी स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को विमल कुमार ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब में आयोजित "एक शाम शहीदों के नाम" कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सरकारी वाहन से पटना लौट रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि बदमाशों ने चालक की कनपटी पर पिस्तौल तानकर वाहन रुकवाया और फिर विमल कुमार पर लाठी, डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अधिकारी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, औरंगाबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी नेहा कुमारी तथा निलेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

और पढ़ें: रोहिणी में टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो शूटर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

मृतक की पत्नी बबीता कुमारी ने अस्पताल पहुंचकर चालक पर भी हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस आरोप को भी जांच के दायरे में शामिल किया है। सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। धारदार हथियार और गोली लगने की संभावना की भी जांच की जा रही है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

वहीं, नगर परिषद की मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भागलपुर के सुल्तानगंज में भी नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या का मामला सामने आया था।

और पढ़ें: कर्नाटक में बारिश का कहर: शिवमोग्गा में भूस्खलन से परिवार के तीन लोगों की मौत, रेल सेवाएं प्रभावित

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share