UN में शहबाज शरीफ से पूछा- हाफिज सईद पर कब चलेगा मुकदमा? पाक पीएम ने नहीं दिया जवाब
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों ने शहबाज शरीफ से हाफिज सईद पर मुकदमे को लेकर सवाल किया। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने दोनों मौकों पर कोई जवाब नहीं दिया।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हाफिज सईद को लेकर सीधे सवालों का सामना करना पड़ा। 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र के दौरान पत्रकारों ने उनसे आतंकवाद और लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल किए। हालांकि, शरीफ ने दोनों सवालों का जवाब नहीं दिया और आगे बढ़ गए।
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में प्रवेश करते समय एक पत्रकार ने पूछा, “प्रधानमंत्री, आप आतंकवादियों को पनाह देना कब बंद करेंगे?” शहबाज शरीफ ने इस सवाल पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। बाद में मुख्यालय से बाहर निकलते समय उनसे पूछा गया, “लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद पर मुकदमा कब चलाएंगे?” इस सवाल का भी उन्होंने जवाब नहीं दिया।
हाफिज मुहम्मद सईद पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा का रहने वाला और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है। भारत ने उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के तहत आतंकवादी घोषित किया है। वह 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की साजिश से जुड़े मामले में आरोपी है।
और पढ़ें: आतंकियों की मदद के आरोप में हाफिज सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी
22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के मामले में भी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सईद को आरोपी बनाया है। एजेंसी की पूरक आरोपपत्र में उसका नाम शामिल है और कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े लोगों के साथ व्यापक साजिश का उल्लेख किया गया है।
शहबाज शरीफ की चुप्पी ऐसे समय सामने आई, जब संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के आतंकवाद से जुड़े रिकॉर्ड पर सवाल उठ रहे हैं। इससे एक दिन पहले भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में पाकिस्तान की आलोचना की थी।
भारतीय राजनयिक क्षितिज त्यागी ने पाकिस्तान से विकास और आर्थिक चुनौतियों पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने पाकिस्तान पर सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय मुद्दों के जरिए ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में नागरिकों की मौत, गिरफ्तारियों और जरूरी वस्तुओं की कथित पाबंदी से जुड़ी चिंताओं का भी उल्लेख किया।
हाफिज सईद का मुद्दा भारत-पाकिस्तान संबंधों में लंबे समय से विवाद का विषय रहा है। संयुक्त राष्ट्र में शहबाज शरीफ से पूछे गए सवालों के बाद एक बार फिर इस बात पर ध्यान गया है कि पाकिस्तान उसके खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।
और पढ़ें: मसूद अजहर पर इनाम बढ़ाने के पाकिस्तान के फैसले को भारत ने दिखावा बताया