×
 
☰

ट्रंप ने बनाई सुपर इंटेलिजेंस फोर्स, AI दौड़ में अमेरिका की बढ़त बनाए रखना लक्ष्य

डोनाल्ड ट्रंप ने एआई में अमेरिकी बढ़त बनाए रखने के लिए सुपर इंटेलिजेंस फोर्स बनाई। जे क्लेटन इसके प्रमुख होंगे और टीम सीधे राष्ट्रपति को रिपोर्ट करेगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में अमेरिका की बढ़त बनाए रखने के लिए ‘सुपर इंटेलिजेंस फोर्स’ (एसआईएफ) के गठन की घोषणा की है। इस नई टीम का उद्देश्य संघीय सरकार की एआई से जुड़ी गतिविधियों में समन्वय करना और अमेरिकी हितों की रक्षा करना है।

ट्रंप ने रविवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि ‘सुपर इंटेलिजेंस फोर्स’ का नेतृत्व राष्ट्रीय खुफिया प्रमुख जे क्लेटन करेंगे। टीम में फेडरल ट्रेड कमिशन के अध्यक्ष एंड्रयू फर्ग्यूसन और अमेरिकी रक्षा विभाग में रिसर्च एंड इंजीनियरिंग के अंडर सेक्रेटरी एमिल माइकल भी शामिल होंगे। अमेरिकी कार्मिक प्रबंधन कार्यालय के निदेशक स्कॉट कुपोर भी इस टीम का हिस्सा होंगे।

यह टीम सीधे राष्ट्रपति ट्रंप और व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स को रिपोर्ट करेगी। ट्रंप के अनुसार, एसआईएफ संघीय सरकार के उपभोक्ताओं, सार्वजनिक हित समूहों, धार्मिक संगठनों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा प्रदाताओं और सुपर इंटेलिजेंस कंपनियों के साथ समन्वय को आगे बढ़ाएगी।

और पढ़ें: ओपनएआई के सुरक्षा कर्मचारी ने दिया इस्तीफा, एआई के लिए परमाणु संयंत्र जैसे सुरक्षा मानकों की मांग

ट्रंप ने कहा कि इस बल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अमेरिका सुपर इंटेलिजेंस के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करता रहे। उन्होंने इसे औद्योगिक क्रांति और इंटरनेट से भी बड़ा बदलाव बताया और कहा कि इससे अमेरिकी नागरिकों के हितों की रक्षा करने तथा उनके जीवन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

जे क्लेटन की नियुक्ति को ट्रंप के भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है। क्लेटन इससे पहले ट्रंप के पहले कार्यकाल में अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के अध्यक्ष रह चुके हैं। बाद में उन्हें मैनहट्टन में संघीय अभियोजकों का प्रमुख बनाया गया था।

ट्रंप लगातार एआई विकास को धीमा करने के खिलाफ रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसा करने से चीन को बढ़त मिल सकती है। क्लेटन ने भी कहा कि एआई की दौड़ में पहले स्थान पर नहीं रहने से अमेरिका के सामने पहचाने और अनजान दोनों तरह के जोखिम बढ़ सकते हैं।

और पढ़ें: विश्व कप 2027 से पहले शुभमन गिल ने बताईं टीम इंडिया की कमजोरियां, फील्डिंग और डेथ बॉलिंग में सुधार पर जोर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share