ईरान समझौते के लिए अमेरिका से संपर्क कर रहा, लेकिन अब बहुत देर हो चुकी: डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौते के लिए अमेरिका से संपर्क कर रहा है, लेकिन अब देर हो चुकी है। उन्होंने ईरानी सैन्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया।
मध्य पूर्व में बढ़ते युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान अब अमेरिका से समझौते के लिए संपर्क कर रहा है, लेकिन उनके अनुसार यह प्रयास “काफी देर से” किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका लड़ाई जारी रखने के लिए ज्यादा तैयार है।
डोनाल्ड ट्रंप ने यह बयान उस समय दिया जब इंटर मियामी फुटबॉल क्लब के खिलाड़ी व्हाइट हाउस पहुंचे थे। क्लब ने हाल ही में मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) कप 2025 जीतकर इतिहास में पहली बार यह खिताब हासिल किया है। टीम के कप्तान लियोनेल मेसी भी इस अवसर पर मौजूद थे।
ट्रंप ने कहा कि ईरान अमेरिका को फोन करके पूछ रहा है कि समझौता कैसे किया जा सकता है। उन्होंने कहा, “वे हमसे पूछ रहे हैं कि समझौता कैसे हो सकता है, लेकिन मैंने उनसे कहा कि अब आप थोड़ा देर कर चुके हैं। अब हम उनसे ज्यादा लड़ना चाहते हैं।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि अमेरिकी सेना, इज़राइली बलों के साथ मिलकर ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमता को तेजी से नष्ट कर रही है। उनके अनुसार यह कार्रवाई “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” के तहत की जा रही है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की वायुसेना और नौसेना को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन दिनों में ईरान के 24 नौसैनिक जहाज नष्ट हो गए हैं और उसकी वायु रक्षा प्रणाली भी लगभग खत्म हो चुकी है।
इसके साथ ही ट्रंप ने ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस बलों से हथियार डालने की अपील की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वे आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि जो लोग आत्मसमर्पण कर सहयोग करेंगे उन्हें अमेरिका सुरक्षा और कानूनी छूट देने पर विचार कर सकता है। उन्होंने दुनिया भर में तैनात ईरानी राजनयिकों से भी शरण लेने और “नए ईरान” के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
और पढ़ें: ईरान-अमेरिका-इज़राइल युद्ध तेज, कुवैत के पास तेल टैंकर में विस्फोट; ईरान ने दागीं मिसाइलें